AAP MLA राघव चड्ढा व आतिशी को भाजपा नेता ने भेजा मानहानि का नोटिस
आप नेता राघव चड्ढा और आतिशी ने कहा कि हम इस नोटिस से डरने वाले नही हैं। उन्होंने कहा कि हम पूछना चाहते हैं के वेतन के लिए मिलने वाला पैसा आखिर कहां जाता है।
नई दिल्ली [वीके शुक्ला]। आम आदमी पार्टी के नेता और विधायक राघव चड्ढा और आतिशी को नगर निगम उत्तरी के सदन के नेता योगेश वर्मा की ओर से एक करोड़ का मानहानि का नोटिस भेजा गया है। इन दोनों नेताओं ने कुछ दिन पहले नगर निगम उत्तरी के भाजपा नेताओं पर आरोप लगाया था कि दिल्ली सरकार से कर्मचारियों से वेतन के लिए मिलने वाले पैसे नगर निगम के नेता भ्रष्टाचार के चलते डकार जाते हैं और कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल रहा है।
वहीं, इस मुद्दे पर प्रेस वार्ता कर बुधवार को आप नेता राघव चड्ढा और आतिशी ने कहा कि हम इस नोटिस से डरने वाले नही हैं। उन्होंने कहा कि हम पूछना चाहते हैं के वेतन के लिए मिलने वाला पैसा आखिर कहां जाता है।
वहीं आतिशी ने भी भाजपा नेता की जमकर आलोचना की। उन्होंने कहा कि भाजपा को डॉक्टर्स को तनख्वाह देने की फ़िक्र नहीं है।
नया कर लगाने का प्रस्ताव नहीं होना चाहिए : विकास
उधर, उत्तरी दिल्ली नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष विकास गोयल ने महापौर जय प्रकाश को पत्र लिखकर सदन की विशेष बैठक बुलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि एक ओर दिल्ली में कोरोना संकट से नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं दूसरी ओर निगम कर बढ़ाने जैसे प्रस्ताव लेकर आ रहे हैं। जबकि निगम मौजूदा करों को वसूलने में भी पूरी तरह से विफल साबित हुए हैं। इसलिए नए कर लगाने का प्रस्ताव नहीं होना चाहिए।
गोयल ने कहा कि भाजपा के नेता और महापौर ने बीते दिनों प्रेसवार्ता करके यह आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार उनको पर्याप्त फंड नहीं दे रही है। इसकी वजह से वेतन भी कर्मचारियों को जारी नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगमों को विशेष सदन की बैठक बुलाकर दिल्ली सरकार की ओर से जारी किए गए फंड का लेखा-जोखा भी श्वेत पत्र जारी करना चाहिए।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कर्मचारियों को समय से वेतन जारी होना चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कहा कि हाई कोर्ट के बी-3 केशवपुरम के नाले की सफाई निगम को सौंपी थी, लेकिन निगम इसे करने में विफल साबित हुए हैं।