देश में भाजपा के प्रथम चुनावी उम्मीदवार मुरलीधर पटवारी का निधन
अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े लोग भी मौजूद रहे।
नई दिल्ली (जेएनएन)। केंद्र व हरियाणा में सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी को (भाजपा) को बड़ा झटका लगा है। देश में भाजपा के पहले उम्मीदवार राव मुरलीधर पटवारी दुनिया में नहीं रहे। पैतृक गांव नसीबपुर में बृहस्पतिवार को उनका अंतिम संस्कार किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े लोग भी मौजूद रहे।
बताया जाता है कि राव मुरलीधर पटवारी देशभर में भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले पहले उम्मीदवार थे। उन्होंने हरियाणा के अटेली से कमल चुनाव चिह्न पर उपचुनाव लड़ा था। हालांकि, वह बड़े अंतर से हार गए थे। उस समय पूर्व मुख्यमंत्री राव बीरेंद्र सिंह के लोकसभा सदस्य चुने जाने पर अटेली विस क्षेत्र से उन्होंने इस्तीफ़ा दे दिया था। इसी कारण उपचुनाव हो रहा था, जिसमेंं राव बीरेंद्र की विशाल हरियाणा पार्टी के राव बंशीसिंह विजयी हुए थे।
यहां पर बता दें कि भारतीय जनता पार्टी की स्थापना 6 अप्रैल, 1980 को हुई और पार्टी का पहला सत्र बंबई में सम्पन्न हुआ था, जिसकी अध्यक्षता की पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने की।
1989 में भारतीय जनता पार्टी ने जनता दल के साथ सीटों के समायोजन के कारण 89 लोक सभा की सीटों पर एवं 1991 में अयोध्या मुद्दे के परिणामस्वरूप 119 सीटों पर जीत दर्ज की।