बिना राशन कार्ड वालों को राशन दे केजरीवाल सरकार: बिधूड़ी
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की नाराजगी के बाद दिल्ली सरकार ने बिना राशन कार्ड वालों को राशन देने की घोषणा तो कर दी लेकिन आजतक इस पर अमल नहीं किया गया। इससे लोगों के सामने भूखे रहने की नौबत आ गई है।
नई दिल्ली [संतोष कुमार सिंह]। भाजपा ने दिल्ली सरकार से बिना राशन कार्ड वाले गरीबों को अविलंब राशन उपलब्ध कराने की मांग की है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की नाराजगी के बाद दिल्ली सरकार ने बिना राशन कार्ड वालों को राशन देने की घोषणा तो कर दी लेकिन आजतक इस पर अमल नहीं किया गया। इससे राजधानी में लाखों लोगों के सामने भूखे रहने की नौबत आ गई है।
देश में तीसरी लहर के कारण लगे हैं आर्थिक प्रतिबंध
उन्होंने कहा कि कोरोना तीसरी लहर के दौरान कई तरह के प्रतिबंध लागू है जिससे आर्थिक गतिविधियों पर असर पड़ा है। रोज मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करने वालों की परेशानी बढ़ गई है। उनके पास राशन कार्ड नहीं होने के कारण उन्हें सरकारी राशन भी नहीं मिल रहा है।
भाजपा लगातार उठा रही आवाज
भाजपा इन्हें राशन देने के लिए लगातार आवाज उठा रही है। लेकिन, सरकार इसे लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार की अनदेखी के कारण पहली व दूसरी लहर के दौरान राजधानी से काफी संख्या में कामगार पलायन करने को मजबूर हो गए थे। हाई कोर्ट व सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली सरकार को इन लोगों को राशन उपलब्ध कराने को कहा था।
72 लाख से ज्यादा राशन कार्ड धारकों को मिल रहा मुफ्त राशन
अदालत के आदेश का पालन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के 72 लाख से ज्यादा राशन कार्ड धारकों को केंद्र सरकार मार्च 2020 से मुफ्त राशन उपलब्ध करा रही है। परेशानी बिना राशन कार्ड वाले गरीबों को हो रही है। दिल्ली सरकार को इनकी परेशानी दूर करनी चाहिए।