भाजपा ने केजरीवाल को चेताया, कहा- देश से प्यार करते हैं, तो मत कीजिए टुकड़े-टुकड़े गैंग का समर्थन
मनोज तिवारी ने कहा कि सरकार के जम्मू कश्मीर के ऐतिहासिक फैसले पर देशभर में समर्थन हो रहा है। वहीं जेएनयू में मुट्ठी भर लोगों ने एक बार फिर से देश विरोधी नारे लगा रहे हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। भाजपा नेता मनोज तिवारी ने कहा कि केंद्र सरकार के जम्मू कश्मीर के ऐतिहासिक फैसले का जहां देशभर में लोग एकजुट होकर जश्न मन रहा है, वहीं जेएनयू में मुट्ठी भर लोगों ने एक बार फिर से देश विरोधी नारे लगाए हैं। इससे पता चलता है कि प्रधानमंत्री व गृहमंत्री के इस फैसले से टुकड़े-टुकड़े गैंग में कितनी बेचैनी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल यदि कन्हैया कुमार के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की फाइल को मंजूरी दे दी होती तो जेएनयू में फिर से देश विरोधी नारे नहीं लगते।
लोगों को सीएम पर नहीं है भरोसा
उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने भी भाजपा के ऐतिहासिक और साहसी फैसले का समर्थन किया है, लेकिन लोग उनपर विश्वास नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षो में मुख्यमंत्री ने जिस तरह से लोगों को गुमराह किया है उससे लोगों का उनपर भरोसा नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री देश से प्यार करते हैं तो टुकड़े-टुकड़े गैंग का समर्थन करना बंद करें और देश विरोधी नारे लगाने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई को मंजूरी दें। उन्हें सर्जिकल स्ट्राइक का सुबूत मांगने और एयर स्ट्राइक पर सवाल उठाने के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।
भाजपा चला रही सदस्यता अभियान
बता दें कि भाजपा कार्यकर्ता धार्मिक स्थलों पर भी सदस्यता अभियान चलाकर लोगों को अपनी पार्टी के साथ जोड़ रही हैं। मंगलवार को दिल्ली प्रदेश भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा ने दिल्ली के सभी 14 संगठनात्मक जिलों में यह अभियान चलाया। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व दिल्ली के प्रभारी श्याम जाजू सहित अन्य बड़े नेता सदस्यता कार्यक्रम में शामिल हुए।
जाजू ने कहा कि किसी भी कार्य की सफलता के लिए ईश्वर का आशीर्वाद सबसे महत्वपूर्ण होता है। इसी उद्देश्य के साथ मंदिरों व गुरुद्वारों में सदस्यता अभियान कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने कहा कि मोदी सरकार ने ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए देश की सबसे बड़ी समस्या हल कर दी है। सदस्यता अभियान प्रमुख व प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि हर वर्ग के बीच भाजपा कार्यकर्ता जा रहे हैं।
शिवशक्ति मंदिर नजफगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में मिजोरम प्रभारी पवन शर्मा, करोलबाग के गुरुद्वारे में प्रदेश महामंत्री रविंद्र गुप्ता, पंचकुईयां रोड 100 फुटा हनुमान मंदिर में प्रदेश महामंत्री राजेश भाटिया, छतरपुर मंदिर में सांसद रमेश बिधूड़ी, शनि मंदिर सीमापुरी में सदस्यता अभियान सह-प्रमुख हर्ष मल्होत्र एवं कृष्णा मंदिर में प्रदेश मंत्री सत्येंद्र सिंह अभियान में शामिल हुए।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप