भाजपा नेता गौरव खारी ने कहा- केजरीवाल को नहीं है दिल्लीवालों की परवाह
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए मोर्चा के अध्यक्ष गौरव खारी ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री कुंभकरण की तरह नींद में सोए हुए हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन)। दिल्ली सरकार की ओर से पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर वैट न घटाने को लेकर दिल्ली भाजपा के ओबीसी मोर्चा ने उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के आवास के बाहर प्रदर्शन कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए मोर्चा के अध्यक्ष गौरव खारी ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री कुंभकरण की तरह नींद में सोए हुए हैं।
केंद्र सरकार ने जनता को राहत देने के लिए पेट्रोल-डीजल पर 2.5 रुपये प्रति लीटर कम किए, लेकिन दिल्ली सरकार को आम जनता की कोई परवाह नहीं है। इसलिए वह पेट्रोल-डीजल के दाम कम नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार की आमदनी ज्यादा है और खर्च उससे कम। फिर भी गरीब जनता को पेट्रोल-डीजल पर लगने वाले वैट में राहत न देकर उनके हितों की अनदेखी की जा रही है।
मोदी को फिर से पीएम बनाने का लिया संकल्प अगले साल होने वाले आम चुनाव को लेकर भाजपा के ओबीसी मोर्चा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विजयी बनाने को लेकर 300 से अधिक सीटें लाने का संकल्प लिया है। इसके लिए मोर्चा ने बाइक रैली निकालकर नमो अगेन 2019 अभियान की शुरुआत की।
इस दौरान पंत मार्ग स्थित भाजपा कार्यालय से लेकर दीन दयाल उपाध्याय मार्ग स्थित केंद्रीय भाजपा कार्यालय तक रैली निकाली गई। रैली को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा के महामंत्री कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि 2019 में फिर केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनाने के लिए नमो अगेन कैंपेन के तहत युवा कार्यकर्ता इकट्ठा हो रहे हैं। अब युवाओं की आखों में भारत को विश्व गुरु बनाने का सपना है।
इसके लिए हम फिर से दिल्ली की सातों लोकसभा सीटें जीतने के लिए प्रतिबद्ध हैं। रैली होने से पूर्व नमो एप के माध्यम से मोर्चा कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट, पेन व कैप आदि मंगवाई और उसे पहनकर इसमें भाग लिया। इसमें प्रदेश महामंत्री संगठन सिद्धार्थन और अन्य लोग उपस्थित थे।