Delhi Oxygen Audit Report : भाजपा ने ऑक्सीजन संकट पर बोला हमला, मनीष सिसोदिया का घेराव
विधायक जितेंद्र महाजन के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार पर ऑक्सीजन संकट को लेकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि अप्रैल-मई में जरूरत से चार गुना अधिक ऑक्सीजन की मांग की गई।
नई दिल्ली [स्वदेश कुमार]। पूर्वी दिल्ली के रोहतास नगर में स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे उप मुख्यमंत्री को विरोध का सामना करना पड़ा। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने घेराव किया। सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की मांग की।
विधायक जितेंद्र महाजन के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार पर ऑक्सीजन संकट को लेकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि अप्रैल-मई में जरूरत से चार गुणा अधिक आक्सीजन की मांग की गई। इससे पता चलता है कि इसमें घोटाला किया गया है।
उधर, मनीष सिसोदिया ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं और उनके गुंडो ने स्कूल में तोड़फोड़ की। उनकी गाड़ी पर हमला किया। स्कूल का गेट तोड़कर शिक्षकों और इंजीनियरों के साथ बदतमीजी की। हालांकि इस मामले में पुलिस के पास कोई शिकायत नहीं पहुंची है।
मनीष सिसोदिया मंगलवार को यहां स्कूल में चल रह निर्माण कार्य का जायजा लेने पहुंचे थे। इसकी सूचना पाकर भाजपा कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया।