भाजपा ने कहा-हमारे विधायक सार्वजनिक करेंगे अपनी संपत्ति, आप पर लगाया भ्रष्टाचार का अारोप
भाजपा ने आम आदमी पार्टी पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि आप नेतृत्व को बताना चाहिए कि आखिर उसके विधायक अपनी संपत्ति सार्वजनिक करने से क्यों डर रहे हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। भाजपा ने दिल्ली के लोकायुक्त द्वारा विधायकों की संपत्ति का ब्योरा मांगे जाने का स्वागत किया है। पार्टी के सभी विधायक अपनी संपत्ति और देनदारी का ब्योरा जमा कराएंगे। इसके साथ ही भाजपा ने आप पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि आप नेतृत्व को बताना चाहिए कि आखिर उसके विधायक अपनी संपत्ति सार्वजनिक करने से क्यों डर रहे हैं।
दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में दिल्ली विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि अन्ना हजारे के आंदोलन से निकली पार्टी के नेता व विधायक भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं, इसलिए अपनी संपत्ति को सार्वजनिक नहीं करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता ने केवल आप विधायकों की शिकायत की थी, परंतु लोकायुक्त ने पूरी पारदर्शिता के साथ भाजपा विधायकों को भी संपत्ति व देनदारी की जानकारी देने का नोटिस भेजा है।
यह आश्चर्य की बात है कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध लड़ाई लड़ने और सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता का पालन करने का वादा करके सत्ता में आने वाली आप लोकायुक्त के नोटिस का विरोध कर रही है। लोकायुक्त पर दुर्भावनापूर्ण आरोप लगाए जा रहे हैं।
लोकायुक्त के संवैधानिक पद पर आसीन पूर्व न्यायाधीश पर इस तरह के आरोप लगाना गलत है। उन्होंने कहा कि इस मामले को वाहन में जीपीएस लगाने के मुद्दे से जोड़कर लोगों को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब सभी सांसद और दिल्ली के पार्षद अपनी-अपनी संपत्ति और देनदारी का ब्योरा जमा करा सकते हैं तो कोई कारण नहीं कि आप के विधायक इससे मना करें।
सांसद संजय सिंह, नारायण दास गुप्ता और सुशील कुमार गुप्ता अपनी संपत्ति का ब्योरा जमा करा सकते हैं लेकिन, दिल्ली के विधायक इससे मना कर रहे हैं। यह आप के मंशा पर सवाल खड़े करता है।