दूल्हे से सिर्फ 500 मीटर दूर खड़ी दुल्हन के बीच आया एक 'अजनबी', फिर क्या हुआ पढ़ें खबर
डांस-म्यूजिक के दौरान दो बदमाश मोटरसाइकिल पर आए और बग्गी पर चढ़कर बादल को गोली मार दी। लोग कुछ समझ पाते इससे पहले दोनों हमलावर फरार हो गए।
नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली के मदनगीर इलाके में शादी समारोह के दौरान दूल्हे को गोली मारने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। हैरानी की बात है कि गोली लगने के बाद दूल्हे का ऑपरेशन हुआ फिर उसने शादी समारोह में दुल्हन के साथ रात को सात फेरे लिए। पूरी घटना सोमवार की है। पीड़ित युवक का नाम बादल है।
जानाकारी के मुताबिक, बादल (25) की खानपुर इलाके के अपने घर से बरात मदनगीर जा रही थी। सोमवार रात करीब 8 बजे विवाह समारोह स्थल से करीब 500 मीटर पहले बादल की बरात चढ़ रही थी। इस दौरान वह बग्गी पर सवार था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डांस-म्यूजिक के दौरान दो बदमाश मोटरसाइकिल पर आए और बग्गी पर चढ़कर बादल को गोली मार दी। लोग कुछ समझ पाते इससे पहले दोनों हमलावर फरार हो गए।
म्यूजिक का शोर इस कदर था कि गोली चलने व लगने की बात सिर्फ दूल्हे को ही पता चली। गोली बादल के कंधे पर लगी थी। बाजवूद इसके दूल्हा बादल बग्गी से उतरा और उसने बताया कि उसे गोली मारी गई है? यह सुनकर बरातियों में हड़कंप मच गया।
इसके बाद आनन-फानन में परिजनों ने बादल को पास के ही बत्रा अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां गोली निकालने में करीब 3 घंटे का समय लगा। वहीं, बादल ने इलाज के बाद शादी के पंडाल में पहुंचकर शादी की बाकी रश्में निभाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही और लाके में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
यहां पर बता दें कि इसी साल अप्रैल महीने में यूपी के लखीमपुर में शादी समारोह के दौरान गोली चलने से दूल्हे की ही मौत हो गई थी। नीमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत अमेठी के मजरा रामपुर निवासी रविंद्र वर्मा की पुत्री रूबी वर्मा की रात शादी थी। सीतापुर जिले के महोली थाना क्षेत्र के गांव हाजीपुर निवासी राधेश्याम के पुत्र सुनील (22) की बरात सजधज कर गांव पहुंची। बरात की आवभगत करने के बाद शादी की तैयारियां शुरू हुईं। द्वारपूजन के लिए दूल्हे को लाया गया। दूल्हा द्वारपूजन के लिए बैठा ही था कि बरात के साथ आए मेहमानों ने हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया कि दो-तीन फायर के बाद एक गोली दूल्हे के सीने में लग गई। गोली लगते ही दूल्हा जमीन पर गिर पड़ा। इससे बरात में अफरा-तफरी मच गई। परिवारीजन दूल्हे को लेकर आनन-फानन जिला अस्पताल गए, जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया।