जानिये, देश की किस सिंगर का मोम का पुतला लगेगा मैडम तुसाद म्यूजियम में
आशा भोंसले ने कहा कि वह अपनी मोम की प्रतिमा को लेकर काफी उत्साहित हैं। यह उनके लिए एक आनंददायक और नया अनुभव होगा।
नई दिल्ली (जेएनएन)। अपनी सुरीली और दमदार आवाज से भारतीय सिनेमा जगत को एक नई पहचान दिलाने वाली आशा भोंसले की मोम की प्रतिमा अब मैडम तुसाद संग्रहालय दिल्ली की शोभा बढ़ाएगी। इसके लिए संग्रहालय के विशेषज्ञों की टीम ने मुंबई में आशा भोंसले के साथ लंबा सेशन किया, जिसमें प्रतिमा बनाने के लिए उनका नाप लिया गया। इसे बनाने का काम जल्द शुरू किया जाएगा।
इस वर्ष की तीसरी तिमाही में खुलने जा रहे इस संग्रहालय में उनकी प्रतिमा बॉलीवुड म्यूजिक जोन में लगाई जाएगी। यह पहला मौका होगा, जब दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किसी हस्ती की मोम की प्रतिमा संग्रहालय में लगाई जाएगी।
आशा भोंसले की प्रतिमा यहां आने वाले आगंतुकों को भारतीय सिनेमा के सुनहरे दौर में ले जाने का काम करेगी। वहीं, आशा भोंसले ने कहा कि वह अपनी मोम की प्रतिमा को लेकर काफी उत्साहित हैं। यह उनके लिए एक आनंददायक और नया अनुभव होगा।
दिल्ली में मैडम तुसाद संग्रहालय का प्रबंधन मर्लिन एंटरटेनमेंट्स करेगा। इसमें खेल, सिनेमा, राजनीति, इतिहास और संगीत जगत के 50 दिग्गजों की मोम की प्रतिमाएं लगाई जा रही हैं। इसमें अमिताभ बच्चन, सलमान खान, शाहरुख खान, करीना कपूर, सचिन तेंदुलकर और कपिल देव समेत कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हैं।