केजरीवाल का कांग्रेस पर हमला, कहा- अधूरा रह गया स्वतंत्रता सेनानियों का बलिदान
केजरीवाल ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने सपना देखा था कि भारत दुनिया में नंबर 1 हो। लेकिन आजादी के 70 साल बाद भी स्वतंत्रता सेनानियों का सपना पूरा नहीं हुआ।
नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने छत्रसाल स्टेडियम में गणतंत्र दिवस पर आयोजित एक कार्यक्रम में प्रदेशवासियों को संबोधित किया। भाजपा और कांग्रेस का बिना नाम लिए केजरीवाल ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने सपना देखा था कि भारत दुनिया में नंबर 1 हो। लेकिन आजादी के 70 साल बाद भी स्वतंत्रता सेनानियों का सपना पूरा नहीं हुआ। अगर शहीदों को पता होता कि 70 साल बाद ये हाल होगा तो वे कुर्बानी शायद ही देते। 70 साल बाद हम नहीं कह सकते कि हमने शहीदों के सपने को पूरा किया।
दिल्ली को लोगों को दी बहुत सारी सुविधाएं- केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली की सरकार, सरकार नहीं आंदोलन है। हमने 4 साल में काफी कुछ बदलने की कोशिश की। गरीब, अमीर सबके लिए दिल्ली सरकार अच्छी शिक्षा दे रही है। किसी के घर मे कोई बीमार होता है। कितना भी गरीब हो 10 लाख का ऑपरेशन भी फ्री होता है। केजरीवाल ने दावा किया कि उनकी सरकार किसानों को सबसे ज्यादा मुआवजा देती है।
24 घण्टे सस्ती बिजली
दिल्ली के सीएम ने कहा कि पूरे देश मे दिल्ली अकेला राज्य है जहां 24 घण्टे सस्ती बिजली मिलती है। हमने शहीदों के सपने को पूरा करने के लिए ढेरों काम किये। उन्होंने कहा कि, हमने जो काम किया वह 1955, 60, 70 में हो जाना चाइये था, लेकिन नहीं हुआ। लोगों को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि देश की आजादी के लिए ढेर सारे लोगों ने कुर्बानी दी। उन्होंने कहा कि नेता जी सुभाष चंद्र बोस ने कहा था कि ऐसी आज़ादी नहीं चाहिए, जिसमें अंग्रेज चले जाएं फिर कोई और वही काम करने लगे।
बिना नाम लिए भाजपा पर लगाया ये आरोप
केजरीवाल ने कहा कि, भारत के लोग दुनिया के सबसे इंटेलिजेंट लोग हैं। दुनिया की टॉप कंपनी में ऊंचे पद पर हैं। भारत आते ही सब गड़बड़ हो जाता है। इस व्यवस्था को बदलना है। 4 साल पहले दिल्ली में नई क्रांति हुई। दिल्ली के अंदर जो पौधा पैदा हुआ था उसे कुचलने की कोशिश की जा रही है। अंग्रेजो से लड़ाई के दौरान भी हमारे बीच ले लोग ही अंग्रेजो के लिए जासूसी करते थे। आज दिल्ली में भी अपने लोग ही ऐसा कर रहे हैं। मैं पूछना चाहता हूं कि बच्चों के लिए स्कूल बनाता हूं तो क्या गलती है। मुझे रोका जा रहा है। आज मोहल्ला क्लिनिक बनाने से रोका जाता है। हम देश भक्ति का काम कर रहे हैं, करने नहीं दिया जा रहा। हमने सिपाहियों शहीदों को एक करोड़ रुपये मुआवजा राशि देने का फैसला किया तो हमे रोका गया।