अरविंद केजरीवाल को बड़ा झटका, महाराष्ट्र में नहीं मिली सभा करने की इजाजत
केजरीवाल 12 जनवरी को सिंदखेड राजा कस्बे में राजमाता जिजाऊ जन्मोत्सव सोहला के दौरान एक सभा को संबोधित करने वाले थे।
नई दिल्ली (जेएनएन)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में सभा करने की इजाजत नहीं मिली। पुलिस ने उन्हें सुरक्षा कारणों से सभा को संबोधित करने की अनुमति नहीं दी। वह 12 जनवरी को सिंदखेड राजा कस्बे में राजमाता जिजाऊ जन्मोत्सव सोहला के दौरान एक सभा को संबोधित करने वाले थे।
मराठा सम्राट छत्रपति शिवाजी महाराज की माता जीजाबाई या जिजाऊ की जयंती पर हर साल सिंदखेड राजा में 11 और 12 जनवरी को जन्मोत्सव समारोह का आयोजन किया जाता है। इसमें लाखों लोग शामिल होते हैं।
बुलढाणा के पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार मीणा के अनुसार, जिजाऊ जन्मोत्सव सोहला के अवसर पर जुटने वाली भीड़ को संभालने में संभावित दिक्कतों के मद्देनजर ही केजरीवाल को सिंदखेड में सभा करने की इजाजत नहीं दी गई। संविधान मोर्चा नामक स्थानीय संगठन ने केजरीवाल की सभा का आयोजन किया था।