Delhi Weather Forecast: एक और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से बदलेगा दिल्ली-NCR के मौसम का मिजाज
Delhi Weather Forecast दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में पिछले 2 दिनों से ठंड से हल्की राहत मिली है लेकिन कोहरा परेशान कर रहा है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Delhi Weather Forecast: दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में पिछले 2 दिनों से ठंड से हल्की राहत मिली है। वहीं, कोहरे का कहर जारी है। समाचार एजेंसी एएनआइ के मुताबिक, उत्तर रेलवे की ओर से आधिकारिक जानकारी दी गई है कि कोहरे की वजह से दिल्ली आने-जाने वाली 19 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। आने वाले समय में भी ट्रेन यात्रियों को कोहरा इसी तरह परेशान करता रहेगा। यह हाल रुक-रुक कर फरवरी तक रहेगा।
वहीं, मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department) के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों मसलन हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड से चलने वाली ठंडी हवा से शुक्रवार दिन भर आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।
उधर, स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत बताते हैं कि 6 से 8 जनवरी के बीच एक और पश्चिमी विक्षोभ आने वाला है। इस दौरान बारिश की भी संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान अभी बढ़ेगा। 7 जनवरी को दिल्ली में बारिश की भी संभावना है।
पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में आए बदलाव और खिली धूप ने बृहस्पतिवार को भी राहत दी। हालांकि सुबह के समय कोहरा रहा, लेकिन बाद में अच्छी धूप खिल गई और दिन भर खिली रही। इससे दिल्ली के अधिकतम तापमान में भी वृद्धि दर्ज की गई। दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण से भी हाल-बेहाल रहा।
दिल्ली का अधिकतम तापमान बृहस्पतिवार को बढ़कर 23 डिग्री पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से तीन डिग्री कम है।
डीयू सबसे गर्म, लोधी रोड सबसे ठंडा
बृहस्पतिवार को दिल्ली विश्वविद्यालय सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 22.2 और न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं लोधी रोड 4.2 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा। मौसम विभाग की माने तो आने वाले दिनों में यहीं स्थिति रहने का अनुमान है।