बुराड़ी में अब सामने आई शर्मसार करने वाली घटना, चोर को पीट-पीटकर मार डाला
बुराड़ी के हरित विहार में चोरी करने घर में घुसे युवक की लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान बीरबल के रूप में हुई है।
नई दिल्ली (जेएनएन)। बुराड़ी के हरित विहार में चोरी करने घर में घुसे युवक की लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान बीरबल के रूप में हुई है। बुराड़ी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सब्जी मंडी मोर्चरी में रखवा दिया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना बुधवार दोपहर की है। मेहंदी हसन का हरित विहार में घर है। वह आजादपुर सब्जी मंडी में काम करते हैं। बुधवार सुबह वह काम पर चले गए थे। घर में उनकी पत्नी रूबी व कुछ रिश्तेदार थे। इसी दौरान बीरबल और उसके साथी ने मेहंदी हसन के घर की रेकी की।
इसके बाद मौका पाकर दोनों घर में घुस गए, लेकिन घर में लोगों की आवाज सुनकर बीरबल का साथी सीढ़ी के सहारे छत से भाग गया, जबकि बीरबल सीढ़ी चढ़ने के दौरान नीचे गिर गया। उसके नीचे गिरते ही घर वालों ने उसे घेर लिया और पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस उसे अरुणा आसफ अली अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। बता दें कि बुराड़ी इलाका 11 लोगों की संदिग्ध मौत के कारण इन दिनों देश ही दुनिया भर में चर्चित है।