मिशन लोकसभा 2019ः दिल्ली के भाजपा नेताओं को अमित शाह की नसीहत, गुटबाजी छोड़ो
मिशन 2019 को कामयाब बनाने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बृहस्पतिवार को दिल्ली के नेताओं के साथ विचार-विमर्श किया।
नई दिल्ली (जेएनएन)। मिशन 2019 को कामयाब बनाने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बृहस्पतिवार को दिल्ली के नेताओं के साथ विचार-विमर्श किया। उन्होंने पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने तथा गरीबों व दलितों के बीच सक्रियता बढ़ाने के लिए नेताओं को गुटबाजी छोड़कर आपसी तालमेल के साथ काम करने की नसीहत दी।
अमित शाह ने दिल्ली प्रदेश की लोकसभा चुनाव टोली के साथ एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में बैठक की। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करना होगा। इसके लिए दिल्ली के सभी बूथों को तीन श्रेणियों में विभाजित कर काम करना होगा। सबसे कमजोर बूथ को सी श्रेणी में और उससे मजबूत को बी तथा सबसे मजबूत बूथ को ए श्रेणी में रखकर रणनीति बनानी होगी। कार्यकर्ता बूथ से लेकर विधानसभा क्षेत्र में दोपहिया रैली निकालेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को झुग्गी-झोपड़ी पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने गरीबों के लिए जो योजनाएं शुरू की हैं उनकी जानकारी प्रत्येक गरीब को मिलनी चाहिए, जिससे कि वे इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने सांसदों को संगठन के साथ मिलकर काम करने का निर्देश दिया। कहा कि किसी भी सूरत में गुटबाजी नहीं होनी चाहिए। सभी को मिलकर लोकसभा चुनाव की तैयारी करनी चाहिए। मोदी सरकार की उपलब्धियां घर-घर पहुंचाना हम सभी का लक्ष्य है। इसके लिए सांसद एक दूसरे के लोकसभा क्षेत्र में भी जाकर बैठक करें। इससे पहले उन्होंने सोशल मीडिया व अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात की।
बकौल शाह, दलितों के लिए मोदी सरकार ने सबसे ज्यादा काम किया है। 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने दलितों व गरीबों की सरकार बनाने का वादा किया था। इसे हमने पूरा किया है। जितने घरों में बिजली पहुंचाई गई है, उनमें से 60 फीसद घर दलितों के हैं। 70 फीसद दलित बच्चों का टीकाकरण हुआ है। 15 पिछड़े जिलों की पहचान की गई है। इनमें से 85 जिलों में दलितों की संख्या ज्यादा है।
इन जिलों के विकास के लिए पीएम वहां के डिप्टी कमिश्नर से सीधे रिपोर्ट लेते हैं। लोकसभा चुनाव टोली में दिल्ली के सातों सांसद, दिल्ली विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष, केंद्रीय राज्यमंत्री विजय गोयल, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. अनिल जैन, प्रदेश भाजपा के तीनों महामंत्री व संगठन महामंत्री, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय व भाजपा नेता पवन शर्मा शामिल हैं। लोकसभा चुनाव टोली में प्रदेश भाजपा प्रभारी व सहप्रभारी भी शामिल हैं।
सोशल मीडिया के सहारे विरोधियों को लगाएंगे किनारे
केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ विरोधी पार्टियों के दुष्प्रचार का जवाब देने के लिए भाजपा सोशल मीडिया को हथियार बनाएगी। इसके लिए मोदी व भाजपा समर्थक ऐसे लोगों को पार्टी के साथ जोड़ने की कवायद शुरू की गई है जो सोशल मीडिया पर ज्यादा सक्रिय रहते हैं