'आप' सरकार दिल्ली को उजाड़ रही है, 50 लाख लोगों के साथ खड़ी है कांग्रेस: माकन
माकन ने लोगों से अपील की है कि वो अवैध रुप से वसूले जा रहे कन्वर्जन शुल्क के खिलाफ सड़कों पर उतरें। इस मुद्दे पर कांग्रेस कन्वर्जन शुल्क से प्रभावित सभी 50 लाख लोगों के साथ खड़ी है।
नई दिल्ली (राज्य ब्यूरो)। नई दिल्ली संसदीय क्षेत्र के करोल बाग में शुक्रवार को व्यापार बचाओ, मजदूर बचाओ रैली को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन ने कहा कि 'आप' सरकार सुप्रीम कोर्ट के आदेश की आड़ में सीलिंग कराकर दिल्ली को उजाड़ रही है। 'आप' के इस षड्यंत्र को कांग्रेस कामयाब नहीं होने देगी। कन्वर्जन शुल्क की सरकारी डकैती के खिलाफ भी तमाम कांग्रेसी जेल जाने को तैयार हैं।
लाखों लोग बेरोजगार हो रहे हैं
माकन ने सीलिंग के लिए भाजपा और 'आप' को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि दोनों दल कांग्रेस सरकार की ओर से बनाए गए मास्टर प्लान को मानने से इन्कार कर रहे हैं। केंद्र और दिल्ली सरकार ने जानबूझकर सुप्रीम कोर्ट को सही तथ्यों से अवगत नहीं कराया। नतीजा, लाखों लोग बेरोजगार हो रहे हैं। सीलिंग से दिल्ली में राजस्व भी घटा है। सीलिंग दिल्ली के लिए नोटबंदी घोटाला की तरह साबित हो रही है।
50 लाख लोगों के साथ खड़ी है कांग्रेस
माकन ने लोगों से अपील की है कि वो अवैध रुप से वसूले जा रहे कन्वर्जन शुल्क के खिलाफ सड़कों पर उतरें। इस मुद्दे पर कांग्रेस कन्वर्जन शुल्क से प्रभावित सभी 50 लाख लोगों के साथ खड़ी है। लवली और हारुन यूसुफ ने कहा कि गांधी नगर से शुरू हुआ न्याययुद्ध पूरी दिल्ली में फैल गया है। पीड़ित लोग कभी भी सड़कों पर उतरकर उग्र रूप धारण कर सकते हैं।
संघर्ष से पीछे नहीं हटेंगे
अभियान समिति के संयोजक मुकेश शर्मा ने कारोबारियों और मजदूरों की ओर से इस न्याययुद्ध को अभूतपूर्व समर्थन देने के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सीलिंग और कन्वर्जन शुल्क से प्रभावित लोगों को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस नेता किसी भी स्तर के संघर्ष से पीछे नहीं हटेंगे। इस रैली को माकन के अलावा पूर्व मंत्री अरविन्दर सिंह लवली, हारुन युसुफ, अभियान समिति के संयोजक मुकेश शर्मा, ब्रह्म यादव, जिला अध्यक्ष मदन खोरवाल व चत्तर सिंह ने भी संबोधित किया।