बाबा के कहने पर UP-दिल्ली के युवकों ने पेट में डाल लिया टूथब्रश, जानिये- फिर क्या हुआ
सड़क पर बैठकर हर समस्या का समाधान बताने का दावा करने वाले ठग बाबा की सलाह दो युवकों को इतनी भारी पड़ी की दोनों को जान के लाले पड़ गए।
नई दिल्ली, जेएनएन। सड़क पर बैठकर हर समस्या का समाधान बताने का दावा करने वाले ठग बाबा की सलाह दो युवकों को इतनी भारी पड़ी की दोनों को जान के लाले पड़ गए। पेट साफ न होने की शिकायत पर दोनों युवक डॉक्टर की बजाए एक बाबा के पास चले गए। बाबा ने कहा कि वो गले तक टूथब्रश से सफाई करें। इससे मुख के साथ ही पेट साफ हो जाएगा और मन शद्ध रहेगा। जब युवकों ने ऐसा किया तो ब्रश पेट के अंदर चला गया। नौबत आंतें फटने तक की आ गई। कुछ देर बाद हालत बिगड़ने पर दोनों युवकों को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया।
बाबा के कहने पर दिल्ली-यूपी के युवकों ने गले के जरिये पेट में डाल लिया टूथब्रश
एक डॉक्टर ने बताया कि उत्तर प्रदेश के आगरा के रहने वाले गौरव अक्तूबर और दिल्ली में रहने वाले आबिद को दिसंबर में एम्स के आपातकालीन विभाग में भर्ती कराया गया।
आहार नली में फंसा टूथब्रश
दोनों अलग-अलग शहर से हैं, लेकिन समस्या एक जैसी थी। उनकी आहार नली के रास्ते टूथब्रश उनके पेट में चला गया था। इसकी वजह से दोनों को खाने-पीने में बहुत परेशानी हो रही थी। दोनों का सिटी स्कैन कराया तो पता चला कि पेट में ब्रश अटका हुआ।
इसके बाद डॉक्टरों ने एंडोस्कोपी से ब्रश निकालने की कोशिश की पर ब्रश आड़ा हो गया। इसके बाद ब्रश निकालने के लिए एम्स के गैस्ट्रोइंट्रोलॉजी विभाग के डॉक्टरों की मदद ली गई। तब जाकर कहीं ब्रश निकाला जा सका।
एम्स के गेस्ट्रोइंट्रोलॉजी डिपार्टमेंट के एचओडी डॉ. अनूप सराया के मुताबिक, कई बार ब्रश पेट के अंदर जाने के मामले पहले भी आ चुके हैं। यह बहुत ही सामान्य घटना है। उन्होंने तीन ऐसे मामले में इंडोस्कोपी से ब्रश को पेट से निकाला है।
उन्होंने कहा कि आजकल स्लिम होने के लिए लड़कियां खाना खाकर उल्टी कर देती हैं। उल्टी करने के लिए वो ब्रश के पिछले हिस्से को गले में डालती हैं। इसी क्रम में ब्रश अंदर चला जाता है। उन्होंने कहा कि आजकल लोग बाबा के कहने पर कुछ भी करने लगते हैं।