AAP से गठबंधन को लेकर अहमद पटेल ने की शीला दीक्षित से मुलाकात
अहमद पटेल ने बुधवार को दिल्ली कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शीला दीक्षित से मुलाकात की। शीला दीक्षित के घर पर दोनों नेताओं के बीच करीब 40 मिनट तक चर्चा हुई।
नई दिल्ली, प्रेट्र। वरिष्ठ कांग्रेस नेता अहमद पटेल ने बुधवार को दिल्ली कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शीला दीक्षित से मुलाकात की। शीला दीक्षित के घर पर दोनों नेताओं के बीच करीब 40 मिनट तक बातचीत हुई। बताया जा रहा है कि बैठक में आम आदमी पार्टी से संभावित गठबंधन को लेकर चर्चा हुई।
सूत्रों के अनुसार बैठक में दिल्ली में उम्मीदवारों के चयन को लेकर भी चर्चा हुई। गुरुवार को होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक से पहले दोनों नेताओं की यह मुलाकात काफी अहम मानी जा रही है। माना जा रहा है कि गुरुवार को यह तय हो जाएगा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी में गठबंधन होगा या नहीं।
बता दें कि पी सी चाको (प्रदेश प्रभारी, दिल्ली कांग्रेस) की मानें तो AAP के साथ गठबंधन को लेकर कांग्रेस की बातचीत चल रही है, लेकिन कई कारणों से गठबंधन फाइनल नहीं हो पा रहा है। ऐसे में पार्टी हाईकमान के निर्देशानुसार ही आगे की रणनीति तय की जाएगी।
शीला दीक्षित (प्रदेश अध्यक्ष, दिल्ली कांग्रेस) का कहना है कि AAP के साथ गठबंधन होगा या नहीं, इस पर बृहस्पतिवार तक सारी स्थिति स्पष्ट और सार्वजनिक हो जाएगी।
दरअसल सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस की दिल्ली इकाई भी AAP से गठबंधन की सूरत में बराबरी का हक चाहती थी। मतलब, सात सीटों को लेकर 3-3-1 का फार्मूला अपनाने के पक्ष में थी। सातवीं सीट पर साझा प्रत्याशी चाहती थी, लेकिन AAP इसके लिए तैयार नहीं हुई। तब प्रदेश कांग्रेस प्रभारी पी सी चाको और AAP सांसद संजय सिंह की बैठक में चार और तीन के फॉर्मले पर सहमति बनी। गठबंधन के इस मसौदे पर पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी की भी सहमति मिल चुकी है। लेकिन, औपचारिक घोषणा के लिए कांग्रेस को आप के अंतिम जवाब का कई दिन से इंतजार है।