Delhi Crime News : कर्ज उतारने के लिए युवती ने खुद के अपहरण की साजिश रचकर स्वजनों से मांगी फिरौती, आगरा के होटल से गिरफ्तार
Delhi Crime News जांच में पता चला कि अपहरणकर्ता ने मोबाइल बंद कर रखा है लेकिन वह व्हाट्सएप काल के जरिये लगातार फिरौती की रकम मांग रहा था। 24 और 25 मई की रात एक बजे पुलिस को फोन की लोकेशन आगरा की मिली।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए एक युवती ने अपने ही अपहरण की साजिश रच डाली और स्वजन को फोन करके व वीडियो और फोटो भेजकर फिरौती मांगने लगी। लगातार धमकी मिलने के बाद स्वजन 25 मई को महरौली थाने पहुंचे और पुलिस को बताया कि उनकी बेटी का अपहरण हो गया है। उन्हें फिरौती के लिए फोन आ रहे हैं। पुलिस ने अपहरण मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आगरा के एक होटल से युवती को बरामद कर लिया।
पुलिस को युवती होटल में अकेले मिली थी। दिल्ली पुलिस ने जबरन उगाही का केस दर्ज कर लड़की को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, लड़की के घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में पता चला कि लड़की 24 मई की शाम सवा चार बजे घर से निकली थी। लेकिन इसके बाद का कोई फुटेज पुलिस को नहीं मिला। जांच में पता चला कि अपहरणकर्ता ने मोबाइल बंद कर रखा है लेकिन वह व्हाट्सएप काल के जरिये लगातार फिरौती की रकम मांग रहा था। 24 और 25 मई की रात एक बजे पुलिस को फोन की लोकेशन आगरा की मिली। पुलिस की एक टीम उसी लोकेशन पर आगरा भेजी गई।
पुलिस ने करीब 50 होटलों में छानबीन की। इस दौरान एक होटल में पता लगा कि लड़की ने उस होटल में 24 मई की रात को चेकइन किया था। पुलिस ने जब होटल के रिसेप्शन की सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो देखा लड़की अकेली होटल में पहुंची थी। इसके बाद पुलिस ने होटल रूम में पहुंचकर लड़की को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ शुरू की। लड़की ने बताया कि उसे अपने शौक पूरे करने के लिए पैसों की जरूरत थी।
कई लोगों से उसने कर्ज लिया था जिसे चुकाना था। इसलिए उसने अपने ही अपहरण की साजिश रच डाली और खुद ही आगरा पहुंच गई। उसने अपनी फोटो घरवालों को भेजी। वायस कालिंग एप के जरिये अपनी आवाज बदलकर उसने घरवालों से खुद ही बात की थी। पुलिस ने जबरन उगाही का केस दर्ज कर लड़की को गिरफ्तार कर लिया है।