एसिड अटैक में गंभीर रुप से झुलसी महिला ने दम तोड़ा, कई दिन से चल रहा था इलाज
बवाना इलाके में शादी से इंकार करने पर सनकी युवक के तेजाब हमले में घायल महिला की सोमवार को इलाज के दौरान अस्पताल में मृत्यु हो गई। पुलिस मामले में आरोपित मोंटू को बिहार के बक्सर जिला से छह नवम्बर को गिरफ्तार कर लिया था।
नई दिल्ली[संजय सलिल]। बवाना इलाके में शादी से इंकार करने पर सनकी युवक के तेजाब हमले में घायल महिला की सोमवार को इलाज के दौरान अस्पताल में मृत्यु हो गई। पुलिस मामले में आरोपित मोंटू को बिहार के बक्सर जिला से छह नवम्बर को गिरफ्तार कर लिया था। उसने तीन नवंबर को महिला पर तेजाब डालकर जला दिया था। घटना के बाद 90 फीसद झुलसी महिला का राम मनोहर लोहिया अस्पताल में इलाज चल रहा था।
जानकारी के अनुसार, 26 वर्षीय पीड़िता पति के साथ बवाना इलाके में रहती थी। पीड़िता के पड़ोस में मोंटू रहता था जो एक फैक्ट्री में काम करता था। मोंटू हमेशा पीड़िता पर पति को छोड़ कर उससे शादी करने के लिए कहता था। ऐसे में पीड़िता के पति ने इलाका छोड़ कर पत्नी के साथ पूंठ खुर्द इलाके में रहने लगा। इसके बाद मोंटू भी पीड़िता के घर के पास किराए पर रहने लगा। वह लगातार महिला पर दबाव डाल रहा था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीन नवम्बर को आरोपित ने पीड़िता को अपने घर बुलाया और शादी करने के लिये कहा। जब महिला ने मना कर दिया तो उसने उसके हाथ पैर बांध दिए फिर तेजाब फेंक कर मौके से फरार हो गया था। सूचना मिलने पर पुलिस ने गंभीर रूप से झुलसी हालत में महिला को अस्पताल भर्ती कराया गया था। साथ ही एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने छह नवम्बर को आरोपी को बिहार के बक्सर जिले गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन महिला की हालत गम्भीर बनी हुई थी। उसका राम मनोहर लोहिया अस्पताल चल रहा था। लेकिन 90 फीसदी हालत में जली होने के कारण हालत में सुधार नहीं हो रहा था। पूछताछ में मालूम हुआ कि मोंटू ने ट्वालेट साफ करने के लिए तेजाब मंगाया था जिसे दो सौ में बेचा गया था। पुलिस ने तेजाब बेचने वाले शख्स को भी गिरफ्तार कर लिया था।