लव मैरिज करने वाले युवक की मां का फोन सुनकर चौंक गई पुलिस
परिजनों की मानें तो मनोज (24) और कोमल (22) में पट नहीं रही थी। दोनों के रिश्ते इतने खराब हो गए कि 20 दिन पहले कोमल मायके रणहौला चली गई।
नई दिल्ली (जेएनएन)। शादी के बाद शुरू हुए आपसी विवाद में एक युवक मनोज ने दिल्ली विश्वविद्यालय स्थित बोंटा पार्क ले जाकर अपनी पत्नी कोमल की तार से गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्यारोपी ने पत्नी के शव को पत्थरों-चट्टानों के पीछे छिपा दिया। शराब के नशे में दोस्तों को वारदात की जानकारी दी। उसके एक दोस्त की सूचना पर पुलिस ने हत्यारोपी के साथ 12 घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाकर बोंटा पार्क के जंगल से महिला का शव बरामद कर लिया। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
मां ने पुलिस बुलाई
वहीं, मनोज ने मां को हत्या की जानकारी दी, तो उसने पुलिस को बता दिया। पुलिस रात में शव बरामद करने पहुंची, पर शव नहीं मिला। शनिवार दोपहर पुलिस ने शव बरामद किया। हत्या का केस दर्ज किया गया है। हत्या में मनोज के अलावा 3 और लोगों के शामिल होने का शक है।
परिजनों की मानें तो मनोज (24) और कोमल (22) में पट नहीं रही थी। दोनों के रिश्ते इतने खराब हो गए कि 20 दिन पहले कोमल मायके रणहौला चली गई। मनोज पत्नी को लगातार फोन करके बुला रहा था, लेकिन वह आ नहीं रही थी।
वहीं, शुक्रवार को कोमल सूट सिलवाने के लिए रघुवीर नगर निकली, जहां कोमल की शादीशुदा बड़ी बहन प्रवीन रहती है। उसी दौरान मनोज का फिर फोन आया। कोमल को मनोज के इरादों का पता नहीं था।
कोमल बहन के घर से मनोज से मिलने दोपहर बाद 2 बजे निकली। मनोज उसे बोंटा पार्क ले गया। शाम को कोमल को जंगल की तरफ ले गया।
आरोप है कि उसने वहां कोमल का गला घोंट दिया और शव झाड़ियों में छिपा दिया। मनोज की जेजे कॉलोनी में घर में परचून की दुकान है।