नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली से हैदराबाद जा रहे स्पाइसजेट के विमान में बोर्डिंग के दौरान केबिन क्रू की महिला सदस्य के साथ यौन उत्पीड़न के आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित का नाम अबसार आलम है। यह दिल्ली के जामिया नगर का रहने वाला है।
विमान से उतारा गया था आरोपित
पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्पाइसजेट के सुरक्षा अधिकारी सुशांत श्रीवास्तव ने इस मामले में पीसीआर को काल कर घटना से अवगत कराया था, जिसके बाद कार्रवाई की गई। इसके पूर्व विमान से आरोपित अबसार को बाहर कर दिया गया। उसे उतारने के बाद आरोपित को सुरक्षाकर्मियों के हवाले कर दिया गया।
यहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि छानबीन में पता चला कि अबसार अपने परिवार के साथ हैदराबाद जाने के लिए विमान पर सवार हुआ था। आरोपित पर भारतीय दंड संहिता की धारा 354ए (यौन उत्पीड़न) के तहत प्राथमिकी हुई है।
क्या है पूरा मामला
स्पाइसजेट द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार सोमवार को उड़ान संख्या एसजी-8133 में बोर्डिंग के दौरान एक यात्री ने अनियंत्रित और अनुचित तरीके से व्यवहार किया। यात्री ने केबिन क्रू की एक महिला सदस्य को परेशान किया। यात्री के इस व्यवहार को देखते हुए उसे और उसके साथ यात्रा कर रहे एक अन्य यात्री को विमान से उतार दिया गया।
बाद में आरोपित यात्री ने इस घटना के लिए लिखित में खेद प्रकट किया। इस घटना के कारण विमान के परिचालन में डेढ़ घंटे का विलंब हुआ था। इस घटना का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया।