सनकी 'आशिक' ने महिला का कत्ल कर किया पति को फोन, बोला- 'I AM SORRY'
पति की अनुपस्थिति में आरोपित पुष्कर कमरे पर पहुंचा और उसने महिला से कहा प्यार का इजहार किया। महिला ने विरोध किया तो उसने उसका गला दबा दिया।
फरीदाबाद, जेएनएन। दिल्ली से हरियाणा के फरीदाबाद में एक शादीशुदा महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एकतरफा प्यार में नाकाम इस युवक ने पहले तो महिला की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपित ने खुद ही महिला के पति को फोन कर इसकी सूचना भी दी। फोन करके पति से आरोपित से कहा- 'मैंने तुम्हारी पत्नी की हत्या कर दी है, मैं माफी चाहूंगा।'
फरीदाबाद में एकतरफा प्यार में युवक ने की विवाहिता की हत्या
मिली जानकारी के मुताबिक, एकतरफा प्यार में युवक ने सेक्टर-23ए निवासी शादीशुदा महिला (23) की गला दबाकर हत्या की। युवक महिला के घर तक जाकर उसे प्रपोज करने लगा था। महिला लगातार इसका विरोध करती रही और एक दिन युवक ने हत्या जैसा कदम उठा लिया। मुजेसर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर रविवार को अदालत में पेश किया।
गौंछी निवासी पुष्कर भंडारी के मकान में कुछ माह पहले आगरा निवासी युवा दंपती किराये पर रहने आए थे। शिकायत के अनुसार पुष्कर किरायेदार की पत्नी पर गलत नजर रखता था। इसलिए छह माह बाद ही दंपती ने पुष्कर का मकान खाली कर दिया और संजय कॉलोनी में रहने लगे। पुष्कर यहां भी आने लगा। उन्होंने यह मकान भी छोड़ दिया और सेक्टर-23ए में आ गए। पुष्कर ने इस पते को भी ढूंढ़ लिया। पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम को महिला का पति सेक्टर-24 स्थित कंपनी में काम पर गया हुआ था। इसी दौरान पुष्कर कमरे पर पहुंचा और उसने महिला से कहा प्यार का इजहार किया। महिला ने विरोध किया तो उसने उसका गला दबा दिया।
बसंत कुमार (एसआई, मुजेसर पुलिस थाना) के मुताबिक, शिकायत के आधार पर हत्या का केस दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हत्या का कारण एकतरफा प्यार था।
पति का आरोप है कि पुष्कर ने उनकी पत्नी से कई बार जबरदस्ती करने की कोशिश भी की। शनिवार दोपहर 1 बजे महिला पति को खाना देने फैक्ट्री गई थी। पति की मानें तो वापस जाकर पत्नी ने फोन कर बताया कि पुष्कर आया है। इस पर उसने कुछ देर में घर पहुंचने की बात कही, लेकिन उससे पहले ही उनके पास पत्नी के नंबर से कॉल आया। पति के मुताबिक यह पुष्कर ने फोन कर कहा कि उसने उसकी पत्नी को मार दिया है। इसके साथ ही माफी भी मांगी।