सुषमा स्वराज के निधन पर AAP नेता कुमार विश्वास हुए भावुक, बोले- 'अटलजी के बाद ...'
पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर आम आदमी पार्टी (Aam aadmi party) के बागी नेताओं में शुमार कुमार विश्वास ने भी ट्वीट कर श्रद्धांजलि दी है।
नई दिल्ली, जेएनएन। पूर्व केंद्रीय मंत्री और दिल्ली की पहली महिला मुख्यमंत्री सुषमा स्वराज के निधन के बाद राजनेता और कला संस्कृति से जुड़े लोग उन्हें याद कर विनम्र श्रद्धांजलि दे रहे हैं। इस कड़ी में आम आदमी पार्टी (Aam aadmi party) के बागी नेताओं में शुमार कुमार विश्वास ने भी ट्वीट कर श्रद्धांजलि दी है।
उन्होंने अपने एक ट्वीट में लिखा है- 'भारत की राजनैतिक श्री अंनत में विलुप्त हो गई ! जनभाषा की संसंदीय सुषमा समाप्त हो गई ! वैयक्तिक आभा का एक युग जीकर हमारे समय की शीर्षतम विदुषी,अटलजी के बाद की सर्वाधिक संतुलित व सम्मोहक संसदीय वक्ता की वाणी ने विराम ले लिया !ईश्वर की आलोक सभा में पदभार सम्भालो।' इस ट्वीट में उन्होंने दो तस्वीरें भी लगाई हैं, जिनमें एक युवा उम्र की है तो दूसरी वर्तमान की तस्वीर है।
गौरतलब है कि भाजपा की चर्चित नेत्री और पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का दिल्ली के एम्स में 67 साल की उम्र में 6 अगस्त की रात को निधन हो गया। पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुषमा स्वराज की पार्थिव देह बुधवार को तीन घंटे के लिए भाजपा मुख्यालय में रखा जाएगा जहां पार्टी कार्यकर्ता और नेता उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने यह जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि अंतिम संस्कार लोधी रोड स्थित शवदाह गृह में किया जाएगा. पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज (Sushma Swaraj) को रात 10 बजे एम्स में भर्ती किया गया था।
दिल्ली-NCR की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप