CBI को लेकर संजय सिंह का भाजपा पर तंज, कहा- आलोक वर्मा को सुने बिना हटाना गलत
भाजपा हिंदुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ कर रही है। संजय सिंह ने कहा कि केंद्रीय संस्कृति मंत्री ने जनता से झूठ बोला है कि मंदिर नहीं तोड़े गए हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। आलोक वर्मा को सीबीआइ के निदेशक पद से हटाए जाने को लेकर आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने भाजपा पर निशाना साधा है। मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि आलोक वर्मा का पक्ष सुने बिना उन्हें सीबीआइ निदेशक पद से हटाना न्यायसंगत नहीं है। ऐसा लगता है जैसे कि पूरी स्क्रिप्ट पहले से ही तैयार की गई थी।
यह विचारणीय बात है कि आलोक वर्मा को आधी रात को आनन-फानन में उनके पद से क्यों हटाया गया? ऐसी क्या मजबूरी थी, जिसके चलते मोदी जी ने आधी रात को ही सीबीआइ दफ्तर पर कब्जा कराके वर्मा की सारी शक्तियां छीन लीं।
जेएनयू के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार के मामले (देशद्रोह प्रकरण) में दिल्ली पुलिस द्वारा चार्जशीट दाखिल करने को संजय सिंह ने एक साजिश बताया। उन्होंने कहा कि जो चार्जशीट आरोपों के 90 दिन के अन्दर फाइल होनी थी, वह लोकसभा चुनाव के 90 दिन पहले फाइल की जा रही है।
दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि अपने आकाओं के हुक्म का इतना भी पालन मत करो कि वर्दी पर दाग लग जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा काशी कॉरिडोर के नाम पर धर्म नगरी काशी को उजाड़ने का काम कर रही है।
भाजपा ने काशी में बने गणेश मंदिर, शिव मंदिर, राधा-कृष्ण मंदिर, भारतमाता मंदिर समेत कई सैकड़ों प्राचीन मंदिरों को तुड़वा दिया है। भाजपा हिंदुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ कर रही है। संजय सिंह ने कहा कि केंद्रीय संस्कृति मंत्री ने जनता से झूठ बोला है कि मंदिर नहीं तोड़े गए हैं। काशी जो धर्म की नगरी के तौर पर जानी जाती है, भाजपा उसे नष्ट करने का काम कर रही है।