विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 01, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

AAP विधायक बाल्यान और गैंगस्टर कपिल सांगवान के बीच इस वजह से बिगड़ी बात, हुई थी गाली-गलौज

Published: Sun, 01 Dec 2024 06:39 PM (IST)

दिल्ली के आम आदमी पार्टी (आप) विधायक नरेश बाल्यान की कुख्यात गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू से संबंधों की जांच ...और पढ़ें

कुख्यात गैंगस्टर कपिल सांगवान, आप विधायक नरेश बाल्यान।
कुख्यात गैंगस्टर कपिल सांगवान, आप विधायक नरेश बाल्यान।

HighLights

  1. आप विधायक नरेश बाल्यान व कपिल सांगवान उर्फ नंदू के संबंधों का पता लगा रही।
  2. ऑडियो में बाल्यान व नंदू की आवाज होने की पुष्टि होने पर क्राइम ब्रांच ने की विधायक के खिलाफ कार्रवाई।
  3. एफएसएल की रिपोर्ट से लगेगा सच्चाई का पता।

राकेश कुमार सिंह, नई दिल्ली। दिल्ली के कुख्यात गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू से उत्तम नगर से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक नरेश बाल्यान के बीच संबंधों का क्राइम ब्रांच पता लगाने में जुट गई है। सांगवान पर पांच साल से अधिक समय से लंदन में रहकर दिल्ली-एनसीआर में रंगदारी रैकेट, सुपारी लेकर हत्या कराने, प्रॉपर्टी पर कब्जा व अन्य आपराधिक वारदात करवाने का आरोप है।

भाजपा नेता की शिकायत पर शनिवार को नंदू और बाल्यान के कुछ ऑडियो सार्वजनिक तौर पर सामने आने के बाद आप विधायक को गिरफ्तार कर लिया। आवाज की पुष्टि उन दोनों के करीबी दो लोगों द्वारा करवाई गई और बयान दर्ज किया गया।

आवाज के बारे में सच्चाई का पता लगाने के लिए ऑडियो को जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब, रोहिणी भेज दिया गया है।

यहां बिगड़ी विधायक की नंदू से बात

मामला पिछले साल जून का है। कपिल से धमकी मिलने पर कुछ पीड़ितों का पक्ष लेने पर बाल्यान की नंदू से बात बिगड़ गई थी, जिस पर नंदू ने बाल्यान के साथ हुई बातचीत के चार-पांच ऑडियो अपने फेसबुक अकाउंट पर अपलोड कर दिया था।

नंदू ने रंगदारी न देने पर करवाई थी मटियाला की हत्या

पुलिस सूत्रों के अनुसार, नंदू ने पिछले साल अप्रैल में मटियाला से निगम पार्षद रह चुके भाजपा किसान मोर्चा के नेता सुरेंद्र मटियाला को लंदन से कॉल करके धमकी दी और करोड़ों रुपये रंगदारी मांगी थी। पैसे देने से इनकार करने पर नंदू के निर्देश पर उसके गुर्गों ने 14 अप्रैल 2023 को द्वारका जिला के बिंदापुर थाना क्षेत्र में अपने कार्यालय में बैठे सुरेंद्र मटियाला की हत्या कर दी थी।

उनके सिर में 12 गोलियां मारी गईं थीं। बाद में क्राइम ब्रांच ने शूटरों को गिरफ्तार कर लिया था। उस घटना के बाद नंदू ने बाल्यान समेत कई प्रॉपर्टी डीलर व अन्य व्यवसायियों को धमकी देकर रंगदारी मांगी थी। धमकी से बाल्यान डर गए थे।

'मेरे पीछे क्यों पड़े हो, मैंने क्या बिगाड़ा है'

उन्होंने पहले नंदू के खास लोगों से उसे फोन करवा सिफारिश कराने की कोशिश की थी, लेकिन वह उस तक पहुंच नहीं पाए थे। नंदू, बाल्यान को लगातार धमकी देता रहा। एक बार बाल्यान ने नंदू से कहा कि तुम मेरे पीछे क्यों पड़े हो, मैंने तुम्हें क्या बिगाड़ा है...। इस पर नंदू ने विधायक से पैसे भेजने की मांग की थी।

दो पीड़ितों ने नंदू से बचाने की बाल्यान से मिलकर लगाई गुहार

उसी दौरान नंदू ने रंगदारी के लिए गुरवंत पंत समेत अन्य लोगों को भी धमकी दी थी, इसके बाद गुरवंत और एक अन्य शख्स ने बाल्यान से मुलाकात कर नंदू से बचाने की गुहार लगाई थी। इस बात की जानकारी नंदू को अपने गुर्गों से मिल गई, फिर उसने बाल्यान को कॉल कर आपत्ति जताई थी। इस पर बाल्यान ने नंदू को खुद आपस में बात कर लेने को कहा था।

नंदू के खिलाफ दर्ज हुआ केस

मामला सुलझता न देख जून 2023 में गुरवंत ने मोहन गार्डन थाने में नंदू के खिलाफ शिकायत कर केस दर्ज करवा दिया था। इस बात की जानकारी नंदू को मिलने पर उसने बाल्यान को फोन कर पूछा कि आपने मेरे खिलाफ केस भी दर्ज करवा दिया। उन्होंने केस दर्ज कराने में खुद की भूमिका से इनकार किया था।

नंदू और बाल्यान के बीच हुई गाली-गलौज

बाल्यान ने नंदू को यह भी बताया था कि दो पीड़ित अभी भी उनके यहां बैठे हुए हैं वे खुद आपस में डील कर लें। इस बात पर नंदू और बाल्यान के बीच जमकर गाली-गलौज व बहस हुई थी। उसी के बाद नंदू ने बाल्यान को बदनाम करने के मकसद से पिछले साल जून में दोनों के बीच हुई बातचीत के चार-पांच ऑडियो अपने फेसबुक पर अपलोड कर दिया था।

भाजपा नेता ने की कार्रवाई की मांग

उक्त वीडियो सार्वजनिक तौर पर सामने न आने के कारण उस दौरान दिल्ली पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी। शनिवार को उक्त पुराने ऑडियो को भाजपा नेता द्वारा सार्वजनिक तौर पर सामने ले आने पर क्राइम ब्रांच को कार्रवाई करनी पड़ी। आवाज की पुष्टि करने के लिए दो लोगों के बयान दर्ज करने के बाद क्राइम ब्रांच ने बाल्यान को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारी का कहना है कि बाल्यान के खिलाफ पहले का एनडीपीएस एक्ट में एक मामला दर्ज है। विधानसभा चुनाव के दौरान बाल्यान के ठिकाने से भारी मात्रा में शराब पकड़ी गई थी। उक्त मामले में उन्हें गिरफ्तार थाने से जमानत दे दी गई थी।