चुनाव से पहले मजबूत हो रहा कांग्रेस का कुनबा, आप नेताओं ने थामा 'हाथ' का साथ; माकन ने कराया शामिल
आप कई नेताओं ने रविवार को कांग्रेस का हाथ थामा। मालवीय नगर क्षेत्र के आप नेताओं को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य अजय माकन ने पार्टी का पटका पहनाकर शामिल कराया। वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय स्तर के नेता रघुरेंद्र पठानिया और मोनिया सिंह ने भी प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के नेता और अन्य पदाधिकारी रविवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। मालवीय नगर क्षेत्र के आप नेताओं को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य अजय माकन ने पार्टी का पटका पहनाकर शामिल कराया।
कांग्रेस में शामिल होने वालों में आप की चरणजीत कौर हैप्पी, खालिद, अनुराधा शर्मा, मोहम्मद फारूक, कादिर, फहीम और अमान शामिल हुए। इस दौरान क्षेत्र के कांग्रेस उम्मीदवार जितेंद्र कुमार कोचर, मालवीय नगर ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जावेद जकारिया, युवा कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश गौड़, दिल्ली अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष चाहत खान व जिला महामंत्री पवन वशिष्ठ भी उपस्थित थे।
आप के राष्ट्रीय स्तर के नेता कांग्रेस में शामिल हुए
वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव के नेतृत्व में विश्वास जताते हुए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय स्तर के नेता रघुरेंद्र पठानिया और मोनिया सिंह ने भी प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। यादव ने भी इन सभी को पार्टी का पटका पहनाकर उनका कांग्रेस में स्वागत किया।
इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रभारी सुखविंदर सिंह डैनी, दानिश अबरार, डूसू अध्यक्ष रौनक खत्री सहित केबी सिंह भी मौजूद थे। सभी ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष का आभार जताया।
कांग्रेस ने ट्वीट किया- आज दिल्ली कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग उपाध्यक्ष के.बी.सिंह जी की मौजूदगी में AAP नेता रघु रेंदर पठानिया जी, राजबाला पठानिया जी और AAP महिला विंग जिला अध्यक्ष, बादली श्रीमती मोनिया सिंह जी ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष देवेंद्र यादव भी मौजूद रहे।
देवेंद्र यादव ने आप और भाजपा पर बोला हमला
देश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने आप और भाजपा पर दिल्ली को विकास पथ पर पीछे धकेलने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों के प्रचार में आप और भाजपा नेता दिल्ली के विकास, प्रगति और दिल्ली वासियों की जीवन शैली में क्या बेहतर हुआ, इस पर कोई चर्चा नहीं करते। केवल भविष्य की योजनाओं, उद्घाटन तथा शिलान्यास कर लोगों के बीच गोलमोल बात करके मुद्दों से भागते नजर दिखाई दे रहे हैं। देवेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा और आम आदमी पार्टी दोनों के ही शीर्ष नेता झूठ बोलते हुए अपनी आवाज भारी रखते हैं और दूसरे झुठ की तैयारी करते हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।