India China Border Tension: सैनिकों पर हमले के विरोध चीन के खिलाफ AAP का 'आक्रोश प्रदर्शन' कल
India China Border Tension आम आदमी पार्टी ने चीन के खिलाफ शनिवार को देशभर में आक्रोश प्रदर्शन करने का एलान किया है।
नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। India China Border Tension: भारत-चीन सीमा पर चल रहे विवाद के बीच दिल्ली में सत्तासीन आम आदमी पार्टी ने शनिवार को देशभर में 'आक्रोश प्रदर्शन' करने का एलान किया है। इस बाबत कैबिनट मंत्री और बाबरपुर विधानसभा से विधायक गोपाल राय ने ट्वीट कर जानकारी दी है- 'चीन द्वारा भारतीय सैनिकों पर किए गए हमले के विरोध में @AamAadmiParty के कार्यकर्ता शनिवार सुबह 11:00 बजे देशभर में 'आक्रोश प्रदर्शन' करेंगे। दिल्ली के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में 'आक्रोश प्रदर्शन' होगा।'
वहीं, आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को सर्वदलीय बैठक में नहीं बुलाए जाने पर केंद्र सरकार पर हमला बोला है।
गौरतलब है कि भारत-चीन बॉर्डर पर 15-16 की रात को हुई हिंसक झड़प में 20 भारतीय जवानों के शहीद होने के बाद देश में चीन के प्रति जबरदस्त गुस्सा है। लोगों का कहना है कि चीन ने कोरोना महामारी को पूरी दुनिया में फैलाया है। जिससे लोग परेशान हैं। वहीं, बॉर्डर पर घुसपैठ की कोशिश कर रहा है।
लोगों का कहना है कि अब समय आ गया है कि चीन को सबक सिखाया जाए। केंद्र सरकार को चाहिए को वह चीन को मुंहतोड़ जवाब दे। भारत को चाहिए कि वह चीन के हितों को नुकसान पहुंचाए। साथ ही जितने करार चीन के साथ हुए हैं उन्हें रद्द कर देना चाहिए। इसके बाद ही शहीद जवानों की आत्मा को शांति मिलेगी।
लोगों की मानें तो चीन ने कायरों की तरह भारतीय जवानों पर हमला किया है, जो निंदनीय है। इस घटना के बाद से चीन के किसी भी सामान का प्रयोग बंद कर देना चाहिए। ताकि भारत का पैसा चीन ना जाए। ऐसा करने से चीन को सबक मिलेगा। अगर सभी लोग ऐसा करेंगे तो बेहतर नतीजे देखने को मिलेंगे।
इसके साथ दिल्ली-एनसीआर में चीन के सामानों के बहिष्कार की मांग तेज हो गई है। मंगलवार लगातार प्रदर्शन जारी है। लोग चीन के सामानों को जलाकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।