विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 22, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

रोंगटे खड़े कर देने वाली प्रेम कहानी, पहले कराया तलाक फिर लड़के के किए तीन टुकड़े

By Amit SinghEdited By:
Published: Wed, 22 Aug 2018 09:42 AM (IST)Updated: Wed, 22 Aug 2018 09:45 AM (IST)

16 अगस्त को आरोपी घर से मृतक को बाइक पर बैठाकर ले गया था। इसके बाद से वह घर नहीं ...और पढ़ें

रोंगटे खड़े कर देने वाली प्रेम कहानी, पहले कराया तलाक फिर लड़के के किए तीन टुकड़े
रोंगटे खड़े कर देने वाली प्रेम कहानी, पहले कराया तलाक फिर लड़के के किए तीन टुकड़े

फरीदाबाद (जेएनएन)। रक्षाबंधन पर भाई, बहन को जीवन भर सुरक्षा का वचन देता है। इसके विपरीत फरीदाबाद के एक भाई ने बहन को जिंदगी भर का ऐसा दुख दिया है, जिसे वह कभी भुला नहीं सकेगी। बहन के दूसरे धर्म में शादी करने से नाराज भाई ने पहले तो उसका तलाक कराया। इसके बाद उसने मानवता की सारी हदें पार कर दी। आरोपित ने अपने जीजा का अपहरण कर पहले तो बेरहमी से उसकी पिटाई की। जब इससे भी उसका मन नहीं भरा तो उसने जीजा के तीन टुकड़े कर दिए।

घटना फरीदाबाद के सैनिक कॉलोनी के पास स्थित नेहरू कॉलोनी की है। मूलरूप से राजस्थान की रहने वाली मंजू यहां अपने दो बेटों और एक बेटी के साथ रहती हैं। उनके पति की कई साल पहले मृत्यु हो चुकी है। उनके बड़े बेटे 25 वर्षीय संजय ने करीब एक साल पहले कॉलोनी में रहने वाली संप्रदाय विशेष की युवती से प्रेम विवाह कर लिया था। शादी के बाद दोनों नजदीक ही मुल्ला होटल के पास किराए पर कमरा लेकर रहने लगे थे।

युवती के भाई को उसका दूसरे धर्म में शादी करना पसंद नहीं था। वह शुरू से इस शादी के विरोध में था। लिहाजा करीब दो माह पहले युवती के परिजन उसे घर वापस ले आए। उन्होंने कथित तौर पर संजय से उसका तलाक भी करा दिया। मंजू के अनुसार, 16 अगस्त को युवती का भाई सलीम, संजय को बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गया था। उसके साथ तीन-चार लड़के और भी थे। इसके बाद से संजय लापता था।

मंजू ने अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू की, मगर कुछ पता नहीं चला। वह एनआइटी-3 चौकी भी गई, मगर पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। दो दिन पहले वह सैनिक कॉलोनी चौकी गई। यहां पुलिस ने उसकी शिकायत पर संजय की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मंगलवार को सलीम को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने हत्या की बात कुबूल ली। सलीम ने बताया कि हत्या के बाद शव के तीन टुकड़े कर उसे पहाड़ी के पास फेंक दिया था।

इसके बाद पुलिस ने सलीम को गिरफ्तार कर लिया और मंगलवार को ही उसकी निशानदेही पर संजय का शव भी बरामद कर लिया। संजय का शव बरामद होने के बाद उसके नाराज परिजनों ने सैनिक कॉलोनी मोड़ के पास सड़क पर जाम लगा दिया। उन्होंने एनआइटी-3 पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया।

एसीपी राधेश्याम के अनुसार पुलिस पहले शव का पोस्टमार्टम करा रही है, ताकि जल्द से जल्द शव परिजन को सुपुर्द किया जा सके। आरोपी सलीम को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में लापरवाही बरतने वाली पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी जांच की जाएगी। दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी।