बेटी से छेड़छाड़ का विरोध करने पर पिता को मारा चाकू, सात के खिलाफ FIR दर्ज
खून बहने और शोर-शराबा होने पर बदमाश वहां से भाग निकले। मौके पर जुटे लोगों ने घायल को दिल्ली के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया। वहां उनका इलाज चल रहा है।
गाजियाबाद (जेएनएन)। बेटी से छेड़छाड़ का विरोध करने पर मनचलों ने उसके पिता को चाकू मार दिया। गंभीर हालत में उन्हें दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। मामले में खोड़ा थाना पुलिस ने सात युवकोंके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मनचलों द्वारा चाकू मारने की ये वारदात सोमवार रात खोड़ा क्षेत्र में हुई है। उस वक्त खोड़ा में रहने वाली 20 वर्षीय युवती अपने पिता के साथ कहीं जा रही थी। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और युवती से छे़ड़छाड़ करने लगे। इस पर युवती के पिता ने विरोध जताया तो आरोपियों ने उन्हें चाकू मार घायल कर दिया।
खून बहने और शोर-शराबा होने पर बदमाश वहां से भाग निकले। मौके पर जुटे लोगों ने घायल को दिल्ली के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया। वहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।
मामले में पीड़ित युवती ने खोड़ा थाने में सात युवकों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई है। इसमें दो नामजद हैं। युवती ने पुलिस को बताया कि सभी आरोपी खोड़ा में आसपास ही रहते हैं। पुलिस सभी की तलाश कर रही है।