कोहरे का कहर: राजधानी और शताब्दी समेत 80 ट्रेनें विलंब से, कई 10 से ज्यादा घंटे लेट
इसकी वजह से रेल यात्रियों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। करीब 80 ट्रेनें विलंब से चल रही है।
नई दिल्ली [ जेएनएन ] । कोहरे और ठंड का प्रकोप न केवल राजधानी दिल्ली के जनजीवन को प्रभावित कर रहा है बल्कि इसने ट्रेनों के पहिए को भी जाम कर दिया है। इसकी वजह से रेल यात्रियों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। करीब 80 ट्रेनें विलंब से चल रही है। इसमें अधिकतर दस घंटे से ज्यादा विलंब से चल रही हैं।
राजधानी एक्सप्रेस के यात्रियों को भी अपनी ट्रेन का एक दिन तक इन्तजार करना पड़ रहा। शनिवार को आने वाली भुवनेश्वर राजधानी 20.35 घंटे की देरी से रविवार को पहुंचेगी।
इस कारण यह 23 घंटे की देरी से रविवार को शाम चार बजे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से भुवनेश्वर के लिए रवाना होगी। कानपुर शताब्दी भी शनिवार को नहीं पहुंची। 16 घंटे की देरी से यह ट्रेन रविवार तड़के पहुंचेगी। वापसी में अपने निर्धारित समय से 14 घंटे की देरी से चलेगी। सीडीह साप्ताहिक एक्सप्रेस 18 घंटे की देरी से और कैफियत एक्सप्रेस 16.30 घंटे की देरी से रविवार को रवाना होगी।
शनिवार को लगभग 80 ट्रेनें देरी से पहुंची। इसमें से कई 10 से ज्यादा घंटे लेट थी। इस कारण 47 ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव करना पड़ा। वहीं, 18 ट्रेनें निरस्त कर दी गईं।
देरी से रवाना होने वाली मुख्य ट्रेनें
1- कोलकाता राजधानी : आठ घंटे
2- सियालदह राजधानी : साढ़े आठ घंटे
3- नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस : 19.15 घंटे
4- फिरोजपुर इंटरसिटी : 19.15 घंटे
5- जोधपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस : 11.15 घंटे
6- महाबोधि एक्सप्रेस : 10.5 घंटे
7- श्रीगंगानगर इंटरसिटी : 10.30 घंटे
8- शान-ए-पंजाब एक्सप्रेस : 10 घंटे