Super Sikh Run: 8 दिसंबर को सुपर सिख रन हाफ मैराथन में मानवता के लिए दौड़ेंगे 7000 धावक
Sikh Run Half Marathon सुपर सिख रन हाफ मैराथन के चौथे संस्करण का आयोजन 8 दिसंबर को होगा। इस बार इसमें सात हजार से अधिक धावक हिस्सा लेंगे।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Sikh Run Half Marathon: सुपर सिख रन हाफ मैराथन के चौथे संस्करण का आयोजन 8 दिसंबर को होगा। इस बार इसमें सात हजार से अधिक धावक हिस्सा लेंगे। ‘एक दौड़-मानवता की दौड़’ के अभियान से हर साल आयोजित होने वाले इस मैराथन को दिल्ली वालों का खूब साथ मिल रहा है। इसलिए इस बार इसका आयोजन गुरुद्वारा रकाबगंज से बदल कर इंदिरा गांधी स्टेडियम कर दिया गया है। यह दौड़ स्टेडियम से शुरू होकर लुटियन दिल्ली में जाएगा।
इसका आयोजन सुपर सिख फाउंडेशन की ओर से वर्ष 2016 से किया जा रहा है। इस दौड़ में 104 वर्षीय एथलीट मान कौर के अलावा मेजर डीपी सिंह व अजरुन पुरस्कार विजेता मुक्केबाज मनदीप जांगड़ा समेत अन्य विशिष्ट लोग भी शामिल होंगे।
इसका थीम सांग पॉप गायक दलेर मेहंदी ने तैयार किया है। इस मौके पर डीपी सिंह ने कहा कि यह दौड़ धर्म से ऊपर उठकर मानवता के लिए है। यह हमारी विशिष्ट संस्कृति जो मानवता को ही धर्म मानती है, उसको फिर से दैनिक जीवन में लाने के लिए है। उन्होंने बताया कि इस दौड़ में 100 के करीब दिव्यांग धावक भाग लेकर जीवन को नए तरीके से देखने का नजरिया देंगे।
मनदीप जांगड़ा ने फिटनेस पर जोर देते हुए कहा कि जब शरीर फिट रहेगा तभी देश और मानवता की सेवा कर पाएंगे। यह दौड़ लोगों में जागरूकता लाएगी। हीरो इलेक्ट्रिक के प्रबंध निदेशक नवीन मुंजल ने इसका हिस्सा बनने पर खुशी जताते हुए कहा कि यह केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि सांस्कृतिक संपन्नता की अद्भुत झलक भी है।
सुपर सिख फाउंडेशन की गुरप्रीत कौर ने कहा कि यह फाउंडेशन दौड़ के साथ सालभर समाजसेवा में जुटी रहती हैं। गुरु नानक देव के 550वें प्रकाश पर्व पर फाउंडेशन की ओर से 550 पौधे लगाकर पर्यावरण को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया है।