Delhi: चाबियां बनाने की आड़ में करते थे चोरी, पांच आरोपित मध्य प्रदेश के होटल से गिरफ्तार
पुलिस ने चाबियां बनाने की आड़ में घरों में चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के पांच सदस्यों को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपित ऐसे घरों से आभूषण व नकदी चोरी कर लेते थे जो उन्हें आलमारी की चाबी बनाने के लिए उन्हें अपने घरों में बुलाते थे।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। बुराड़ी थाना पुलिस ने चाबियां बनाने की आड़ में घरों में चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के पांच सदस्यों को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपित विभिन्न शहरों के आवासीय इलाके में घूमकर ऐसे घरों से आभूषण व नकदी चोरी कर लेते थे जो उन्हें आलमारी की चाबी बनाने के लिए उन्हें अपने घरों में बुलाते थे। इनकी गिरफ्तारी से पुलिस ने बुराड़ी में हुई चोरी के एक मामले को सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने 400 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद इनकी पहचान कर मध्य प्रदेश के एक होटल में इन्हें दबोच लिया।
डीसीपी उत्तरी जिला सागर सिंह कलसी के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपितों के नाम नेपाल सिंह, गुकुल सिंह, महेश सिंह, देपाल सिंह व राजू सिंह है। सभी मध्य प्रदेश के खरगोन व बड़वानी के रहने वाले हैं। नेपाल सिंह के खिलाफ पुल प्रहलादपुर, वजीराबाद और का¨लदी कुंज घरों में चोरी के तीन मामले पहले से दर्ज हैं। इस गिरोह के खिलाफ बुराड़ी व वजीराबाद में घरों में चोरी के 19 मामले दर्ज हैं। इनके पास से 43,500 नकद व चोरी के लाखों के सभी जेवरात बरामद कर लिए गए।
जेवरात को इन्होंने गददे को काटकर उसके अंदर छिपा दिया था। तीन मई को बुराड़ी के रहने वाले दुर्गेश ने पुलिस में शिकायत कर बताया थ कि वह अपने घर पर मौजूद थे। उनकी आलमारी का ताला काम नहीं कर रहा था। उन्होंने गली में दो मैकेनिक देखे। उन्हें आलमारी की चाबी बनाने के लिए बुलाया गया। दोनों उनके घर में आकर आलमारी का ताला ठीक करने लगे। मरम्मत के दौरान मैकेनिक ने उनसे पानी और तेल की मांग की। जब वह पानी व तेल लाने गए उसी दौरान दोनों ने आलमारी से जेवर आदि चुरा लिए और बिना पैसे लिए वहां से निकल गए। शक होने पर दुर्गेश ने जब आलमारी खोली तो उससे साढे चार लाख मूल्य के जेवरात व 50 हजार नकदी गायब मिले। पुलिस ने मुकदमा दर्ज जांच शुरू कर दी। जांच के बाद पांचों को होटल से दबोच लिया गया।