Delhi Crime: 8 महीने की गर्भवती पत्नी को गोलियों से भून डाला, बचाने आए पड़ोसी को भी नहीं छोड़ा
डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि मंगलवार सुबह पौने 11 बजे निजामुद्दीन पुलिस को गोली मारने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को साइना और शहादत मिले। साइना को तुरंत सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने साइना को मृत घोषित कर दिया।
नई दिल्ली [गौरव वाजपेयी]। निजामुद्दीन इलाके में मंगलवार सुबह पति ने अपनी आठ महीने की गर्भवती पत्नी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर के उसकी हत्या कर दी। आरोपित ने पत्नी पर चार राउंड गोलियां चलाईं। पत्नी को बचाने आए एक पड़ोसी को भी आरोपित ने गोली मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपित पति वसीम को गिरफ्तार कर लिया है जबकि घायल पड़ोसी शहादत का अस्ताल में उपचार चल रहा है। मृतक महिला की पहचान साइना के रूप में हुई है। वह आठ माह की गर्भवती थी और 25 अप्रैल को ही जेल से जमानत पर छूटकर बाहर आई थी।
दक्षिण-पूर्वी जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि मंगलवार सुबह पौने 11 बजे निजामुद्दीन पुलिस को गोली मारने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को साइना और शहादत मिले। साइना को तुरंत सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने साइना को मृत घोषित कर दिया। वहीं, शहादत को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां पर उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की तो पता चला कि साइना आठ महीने की गर्भवती थी इसलिए उसे 25 अप्रैल को जमानत मिल गई थी।
करीब एक साल पहले साइना ने वसीम से शादी की थी। कुछ दिन बाद ड्रग्स तस्करी के आरोप में वह जेल चली गई थी। इस बीच साइना की बहन रेहाना से वसीम की नजदीकी बढ़ गई। इस दौरान वसीम अपनी पत्नी से मिलने जेल भी नहीं गया। रविवार को जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद पति-पत्नी में इसी बात पर झगड़ा हुआ। मंगलवार सुबह पति-पत्नी गली में ही बैठे हुए थे तभी वसीम ने साइना पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पड़ोसी शहादत ने उसे बचाने की कोशिश की तो वसीम ने उसे भी एक गोली मार दी। इस दौरान वहां मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और किसी ने भी वसीम को पकड़ने की कोशिश नहीं की।
वारदात के बाद वसीम आराम से वहां से चला गया। बाद में पुलिस ने हुए उसे गिरफ्तार कर हथियार बरामद कर लिया। वसीम लोगों को ब्याज पर पैसे देने का काम करता है। पुलिस साइना की बहन की भूमिका की भी जांच कर रही है। जांच में पता चला है कि साइना का पहला पति शराफत मिया है। हालांकि वह भी जेल में बंद है। उसके बाद साइना ने एक और शादी की थी मगर यह भी रिश्ता ज्यादा दिनों तक नहीं चला और करीब एक साल पहले साइना ने वसीम से शादी कर ली। शादी के बाद ड्रग्स तस्करी में वह जेल चली गई।
पुलिस सूत्रों की माने तो साइना अपने पहले पति शराफत मियां को जेल से बाहर लाने के लिए पैसे जुटा रही थी। इसके लिए वह ड्रग्स के धंधे में भी लगी थी। सूत्रों से पता चला है कि उसने काफी पैसे व आधा किलो गहना भी जुटा रखा था। मगर इसी दौरान वह ड्रग्स के साथ वह पकड़ी गई और जेल चली गई।