भारत में 28% मौतें दिल की बीमारियों से, इसका इलाज रोज सिर्फ 45 ग्राम बादाम- जानिये कैसे
मोटापा, अधिक सिगरेट पीने व शुगर के कारण दिल से जुड़ीं बीमारियां होती हैं।
नई दिल्ली (जेएनएन)। भारत के लोगों में दिल से जुड़ी बीमारियां लगातार बढ़ रही हैं। एक आंकड़े के अनुसार देश में अन्य बीमारियों की वजह से होने वाली मृत्यु में से 28 फीसद मृत्यु के लिए दिल की बीमारियां जिम्मेदार होती हैं। भारतीय न्यूटिशन व हृदय रोग विशेषज्ञों के एक दल ने दावा किया है कि प्रतिदिन 45 ग्राम बादाम के सेवन से दिल की बीमारियों के जोखिमों को बेहद कम किया जा सकता है और दिल को स्वस्थ रखा जा सकता है।
भारतीय न्यूट्रिशन व हृदय रोग विशेषज्ञों के छह डॉक्टरों की टीम ने देशभर में वर्ष 1991 से अब तक हुए विभिन्न शोधों की वैज्ञानिक समीक्षा करने के बाद यह दावा किया है।
इस टीम का नेतृत्व कर रहे हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. सोमिक कलिता ने बताया कि दिल की बीमारियों के पीछे प्राय: दो प्रमुख कारण हैं। पहला जेनेटिक व दूसरा मोटापा, अधिक सिगरेट पीने व शुगर के कारण दिल से जुड़ीं बीमारियां होती हैं।
जेनेटिकल दिल की बीमारियों की रोकथाम करना जटिल है, लेकिन अन्य वजहों से होने वाली दिल की बीमारियों पर रोकथाम की जा सकती है। जिसके लिए एलडीएल (लो डेनसिटी लिपोप्रोटीन्स) कोलेस्ट्रोल पर नियंत्रण करना होता है।
इसके लिए बाजार में जो दवाइयां उपलब्ध हैं वर्तमान में उनका बाजार अरबों रुपयों का पहुंच गया है, लेकिन इनके कई साइड इफेक्ट भी हैं।