अब मरीजों को नहीं करना होगा बेड के लिए इंतजार, 22 अस्पतालों में होने जा रहा बड़ा बदलाव
दिल्ली सरकार के सिर्फ लोकनायक अस्पताल में एमआरआइ मशीन है। अब 22 अस्पतालों में कुल 11 हजार 423 बेड बढ़ाए जाएंगे।
नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली सरकार के 19 अस्पतालों के विस्तार की योजना है। इसके अलावा तीन अस्पताल बनाए जा रहे हैं। इस तरह आने वाले समय में 22 अस्पतालों में कुल 11 हजार 423 बेड बढ़ाए जाएंगे। इससे दिल्ली सरकार के अस्पतालों में दोगुने बेड उपलब्ध होंगे। हालांकि तीन साल में अस्पतालों में करीब 403 बेड बढ़ पाए हैं।
अस्पताल में बेड बढ़ाने का लक्ष्य
विधायक ओम प्रकाश शर्मा ने सवाल पूछा था कि सरकार ने अस्पतालों में कितने बेड बढ़ाने का लक्ष्य रखा था। अस्पतालों में कितने बेड हैं और वर्तमान सरकार के कार्यकाल में कितने बेड बढ़े हैं। इसके जवाब में स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि दिल्ली सरकार के अस्पतालों में बेड क्षमता 10 हजार से बढ़ाकर 20 हजार किया जाएगा।वर्ष 2014-15 में अस्पतालों में 10 हजार 590 बेड स्वीकृत थे। वहीं वर्ष 2017-18 में 11 हजार 353 बेड स्वीकृत थे। दिल्ली सरकार के अस्पतालों में कुल 440 वेंटिलेटर हैं, इनमें से 396 कार्यरत हैं।
सिर्फ एक अस्पताल में है एमआरआइ
दिल्ली सरकार के सिर्फ लोकनायक अस्पताल में एमआरआइ मशीन है। उल्लेखनीय है कि दिल्ली सरकार ने निजी जांच लैबों में मरीजों को निशुल्क जांच उपलब्ध कराती है। वहीं सरकार ने बताया कि लोकनायक, जीटीबी सहित 19 अस्पतालों का विस्तार किया जाएगा।
नवंबर में बनकर तैयार होंगे दो अस्पताल
द्वारका, बुराड़ी व अंबेडकर नगर इन तीन जगहों पर नए अस्पताल का निर्माण हो रहा है। इनमें से दो अस्पताल नवंबर में बनकर तैयार होंगे। इनका कार्य क्रमश: 98 फीसद व 92 फीसद पूरा हो चुका है। द्वारका में 1241 बेड का अस्पताल अगले साल मार्च में बनकर तैयार होगा।