Doctor Protest: हिंदू राव अस्पताल से कोरोना मरीज दूसरे अस्पताल में शिफ्ट, सरकार ने दिया था आदेश
अस्पताल में कुल 23 मरीज भर्ती थे। डॉक्टरों व कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी के मद्देनजर 11 मरीज लोकनायक अस्पताल में स्थानांतरित भी कर दिए गए हैं। दो मरीजों को अरुणा आसफ अली अस्पताल में स्थानांतरित किया गया है। तीन मरीजों की हालत गंभीर है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। भाजपा शासित उत्तरी दिल्ली नगर निगम के हिंदू राव व कस्तूरबा अस्पताल के डॉक्टरों व कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल पाने के कारण उन्होंने अनिश्चितकालीन हड़ताल करने की चेतावनी दी है। इस वजह से अस्पताल में भर्ती कोरोना मरीजों को दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट कर दिया गया है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने हड़ताल के मद्देनजर हिंदू राव अस्पताल से कोरोना के मरीजों को दिल्ली सरकार के अस्पतालों में स्थानांतरित करने का आदेश दिया था।
मंत्री सत्येंद्र जैन ने उत्तरी दिल्ली नगर निगम के अस्पतालों के डॉक्टरों व कर्मचारियों को वेतन नहीं मिलने के मामले में भाजपा पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। साथ ही यह भी कहा कि यदि नगर निगम अस्पताल नहीं चला सकता, तो उसे दिल्ली सरकार को सौंप दे। उन्होंने कहा कि नगर निगम डॉक्टरों व कर्मचारियों को जल्द वेतन जारी करे।
मौजूदा समय में हिंदू राव अस्पताल में कोरोना के 20 मरीज भर्ती हैं। मरीजों को लोकनायक अस्पताल या उनके घर के नजदीक के अस्पताल में स्थानांतरित करने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि निगम के पास फंड की कमी नहीं है। निगम लोगों पर भारी टैक्स लगाता है और मोटी रकम इकट्ठा करता है, लेकिन पैसा कहां जाता है यह कोई नहीं जानता। केंद्र सरकार ने नगर निगम को आदेश दिया था कि हेल्थ ट्रेड लाइसेंस देने की प्रक्रिया रद करें। इस आदेश का भी पालन नहीं हो रहा है।
हिंदू राव से 11 मरीज लोकनायक में स्थानांतरित
हिंदू राव अस्पताल के रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (आरडीए) के अनुसार अस्पताल में कुल 23 मरीज भर्ती थे। डॉक्टरों व कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी के मद्देनजर 11 मरीज लोकनायक अस्पताल में स्थानांतरित भी कर दिए गए हैं। दो मरीजों को अरुणा आसफ अली अस्पताल में स्थानांतरित किया गया है। तीन मरीजों की हालत गंभीर है। इसलिए अभी उन्हें हिंदू राव अस्पताल में ही भर्ती रखा गया है। अन्य सात मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो