दिल्ली सरकार का तोहफा, DTC कर्मियों को भी मिलेगा 7वें वेतन आयोग का फायदा
लोगों की परेशानी को देखते हुए दिल्ली सरकार फौरी तौर पर 500 छोटी बसें खरीदने पर विचार कर रही है।
नई दिल्ली (जेएनएन)। दिल्ली परिवहन निगम में कार्यरत 17 हजार से अधिक कर्मचारियों को दिल्ली में सत्तासीन आम आदमी पार्टी सरकार ने बड़ा तोहफा दिया है। दिल्ली के डीटीसी कर्मचारियों को भी 7वें वेतन आयोग का फायदा मिलेगा।
उपराज्यपाल अनिल बैजल ने बुधवार को 7वें वेतन आयोग के अनुसार वेतन देने की मंजूरी दी है। इससे 17 हजार कर्मचारियों को सीधे लाभ मिलेगा।
डीटीसी के बेड़े में शामिल होंगी 500 छोटी बसें
राजधानी की सड़कों पर नई बसें आ नहीं रही हैं और दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की पुरानी जर्जर बसें हटती जा रही हैं। ब्रेक डाउन की वजह से भी रोजाना सैकड़ों बसें डिपो से नहीं निकल रही हैं। लोगों की परेशानी को देखते हुए दिल्ली सरकार फौरी तौर पर 500 छोटी बसें खरीदने पर विचार कर रही है।
डेस्टिनेशन बस सेवा शुरू करने के बाद परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने मिनी बस खरीदने की पैरवी की है। उन्होंने बताया कि विभाग को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दे दिए गए हैं और जल्द ही यह कैबिनेट में लाया जाएगा। यात्रियों की संख्या को देखते हुए दिल्ली में लगभग 15 हजार बसों की जरूरत है।
डीटीसी के बेड़े में करीब चार हजार बसें ही बची हैं, जिनमें कॉमनवेल्थ गेम्स के समय खरीदी गईं 1275 लो फ्लोर एसी और 2506 लो फ्लोर नॉन एसी बसें शामिल हैं।
इस कमी को दूर करने के लिए डीटीसी को 28 से 30 सीट वाली बसें खरीदने की प्रक्रिया को लेकर विस्तृत प्लान तैयार करने को कहा गया है। पहले चरण में 500 बसें खरीदी जाएंगी।