गाजीपुर में पीट-पीट कर हत्या, शव को पंखे से लटकाया
गाजीपुर इलाके में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक अधेड़ की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई और शव को मृतक के ही घर के कमरे में फंदे से लटका दिया गया।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली : गाजीपुर इलाके में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक अधेड़ की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई और शव को मृतक के ही घर के कमरे में फंदे से लटका दिया गया। मृतक के भाई गजराज सिंह ने जब शव को पंखे से लटका देखा तो मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने जब शव को फंदे से नीचे उतारा तो शरीर पर चोट के निशान थे। मृतक की पहचान राज सिंह के रूप में हुई है। शरीर पर चोट के कई निशान होने के चलते पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव शनिवार को स्वजनों को सौंप दिया। पुलिस को संदेह है कि राज सिंह की हत्या में किसी करीबी का हाथ हो सकता है।
राज सिंह परिवार के साथ जीडी कॉलोनी मयूर विहार फेज-3 में रहते थे। उनके परिवार में दो बेटे व दो भाई हैं। बृहस्पतिवार रात को पुलिस को सूचना मिली थी कि राज सिंह ने अपने कमरे में फांसी लगा ली है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची। भू-तल पर बने कमरे में ही राज सिंह का शव फंदे से लटका हुआ था। दरवाजा व खिड़की अंदर से बंद थी। पुलिस दरवाजा खोलकर अंदर गई तो देखा कमरे में खून पड़ा हुआ है, राजसिंह घुटनों के बल फंदे से लटके हुए थे। उनके शरीर पर किसी भारी चीज से वार करने के निशान थे। पुलिस मृतक के भाई गजराज सिंह की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।