मलबामुक्त होगी निगम की सड़कें, 104 टिप्पर जनता को समर्पित
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : उत्तरी दिल्ली नगर निगम की सड़कों को मलबामुक्त बनाने के लिए उत्तरी ि
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली :
उत्तरी दिल्ली नगर निगम की सड़कों को मलबामुक्त बनाने के लिए उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने 104 टिप्पर को निगम के बेड़े में शामिल कर लिया है। औपचारिक रूप से महापौर आदेश गुप्ता के साथ प्रदेश भाजपा प्रभारी श्याम जाजू और प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर श्याम जाजू ने कहा कि देश की वास्तविक सेवा इस कचरे और मलबे से मुक्त करना है। इससे 'स्वच्छ भारत मिशन' को भी सफलता मिलेगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए अधिकारियों और नेताओं को एक साथ काम करना होगा।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि निगम और पार्षदों की नई टीम से उम्मीदें बहुत ज्यादा हैं। दिल्ली को कचरामुक्त बनाना दिल्ली के नागरिकों से किए गए वादों में से एक है और इसे पूरा करना पार्षदों एवं निगम की जिम्मेदारी है। उन्होंने महापौर से 'निगम आपके द्वार' कार्यक्रम को जारी रखने का अनुरोध किया, जिसमें अधिकारियों और नेताओं की भागीदारी होती है।
महापौर आदेश गुप्ता ने कहा कि नए ऑटो टिप्पर मलबेकी समस्या से निपटने में बहुत मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि यह 'स्वच्छ भारत मिशन' के तहत एक कदम है और ऐसे ही कई ओर संसाधनों की खरीद की जाएगी। आयुक्त मधुप व्यास ने बताया कि उत्तरी नगर निगम के प्रत्येक वार्ड के लिए स्वच्छ भारत मिशन के तहत प्राप्त धन से 104 ऑटो-टिप्पर खरीदे हैं। उन्होंने कहा कि वे स्वच्छता के उद्देश्य के लिए निगम के मौजूदा संसाधनों में वृद्धि जारी रखेंगे।