नशे में व्यापारी ने केबिन क्रू की महिला सदस्य से की छेड़छाड़
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : शराब के नशे में कपड़ा व्यापारी ने रशियन एयरलाइन की फ्लाइट में
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली :
शराब के नशे में कपड़ा व्यापारी ने रशियन एयरलाइन की फ्लाइट में केबिन क्रू की महिला सदस्य से छेड़छाड़ की। दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, बुधवार तड़के करीब तीन बजे एयरलाइन की तरफ से शिकायत मिली थी कि फ्लाइट एसयू- 232 के केबिन क्रू की एक महिला सदस्य के साथ छेड़छाड़ की घटना हुई है। यह फ्लाइट मॉस्को से दिल्ली आ रही थी। आरोपित की पहचान 50 वर्षीय कपड़ा व्यापारी राम किशन के रूप में हुई है। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हालांकि, अभी तक आरोपित को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार, केबिन क्रू की महिला सदस्य ने फ्लाइट में जब आरोपित को शराब पीने से रोका तो उसने उसे गलत तरीके से छुआ और गालियां भी दीं। फ्लाइट के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आइजीआइ) एयरपोर्ट पहुंचने पर केबिन क्रू के सदस्यों ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) के अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद आरोपित कपड़ा व्यापारी को पकड़कर दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। अभी आरोपित को गिरफ्तार नहीं किया गया है।