Delhi Crime: दिल्ली के गांधी नगर में घर में घुसकर बदमाशों ने महिला पर चलाई ताबड़तोड़ गोलियां, मौत
Delhi Crime News Updates दिल्ली के गांधी नगर इलाके घर में सोमवार को घुसकर बदमाशों ने महिला पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। गांधी नगर इलाके में घर में घुसकर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर एक महिला की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। मृतका की पहचान फातिमा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला अपने परिवार से अलग किराये पर घर लेकर अकेली रह रही थी। हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आशंका जाहिर की जा रही है रंजिश में हत्या की गई है। पुलिस महिला के घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
जानकारी के अनुसार फातिमा परिवार के साथ पहले कल्याणपुरी इलाके में रहती थी। परिवार में पति यूसुफ, दो बेटियां व एक बेटा है। यूसुफ लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) में अनुबंध पर वाहन चालक हैं। फातिमा का अपने पति से विवाद चल रहा था, इस कारण वह अपने परिवार को छोड़कर पुराना सीलमपुर में एक घर किराये पर रहकर अकेली रह रही थी। वह सीलमपुर में एक जींस सिलाई की फैक्ट्री में काम करती थी। सोमवार सुबह महिला अपने घर में मौजूद थी, करीब 9:50 बजे दो अज्ञात बदमाश उनके घर में घुसे और उनपर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर गली में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल भेजा। वारदात के वक्त महिला का पति अपने बेटे के साथ लोनी में अपनी मां के घर गया हुआ था।