विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पराठे, छोले-भटूरे की जगह मिल रहे बिस्किट-ब्रेड, मिरांडा हाउस का हॉस्टल मेन्यू बदलने पर छात्राओं ने किया प्रदर्शन

Published: Fri, 03 Apr 2026 06:26 PM (IST)

दिल्ली विश्वविद्यालय के मिरांडा हाउस कॉलेज के हॉस्टल में गैस आपूर्ति में कमी के कारण भोजन व्यवस्था को लेकर विवाद ...और पढ़ें

मिरांडा हाउस के हॉस्टल का बदला मेन्यू। फोटो- एआई जनरेटेड

मिरांडा हाउस के हॉस्टल का बदला मेन्यू। फोटो- एआई जनरेटेड

HighLights

  1. गैस आपूर्ति में कमी से हॉस्टल मेन्यू बदला।

  2. गर्म व्यंजनों की जगह पैकेज्ड फूड मिलने से छात्राएं नाराज।

  3. प्रशासन ने जल्द ही स्थिति सुधारने का आश्वासन दिया।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के मिरांडा हाउस कॉलेज के हॉस्टल में भोजन व्यवस्था को लेकर विवाद सामने आया है। गैस आपूर्ति में कमी के चलते हॉस्टल मेस के मेन्यू में बदलाव किया गया, जिससे छात्राओं में असंतोष बढ़ गया और उन्होंने विरोध प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार, पहले जहां छात्राओं को नाश्ते और शाम के समय पराठा, पाव भाजी, छोले-भटूरे, चिल्ला और मैकरोनी जैसे गर्म व्यंजन मिलते थे, वहीं अब उनकी जगह बिस्किट, केक, ब्रेड और पैकेज्ड फूड दिया जा रहा है। रोटियां भी अब केवल रात के खाने में ही उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस बदलाव के पीछे कम गैस खपत वाले भोजन को प्राथमिकता देने का कारण बताया गया है।

मेस प्रशासन की ओर से छात्राओं को भेजे गए संदेश में कहा गया कि खाड़ी क्षेत्र में बिगड़ती स्थिति के कारण गैस आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे खाना बनाने में दिक्कतें आ रही हैं। इसी कारण ऐसे व्यंजन, जिनमें अधिक गैस की आवश्यकता होती है, फिलहाल बंद कर दिए गए हैं।

कॉलेज प्रशासन ने क्या दी सफाई?

हालांकि कॉलेज प्रशासन ने इस मुद्दे पर सफाई देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की खाद्य सेवाओं में कटौती नहीं की गई है, बल्कि यह कदम इंडियन ऑयल गैस लिमिटेड की सलाह के अनुसार उठाया गया है। प्रशासन का कहना है कि छात्रों के साथ बातचीत के बाद ही मेन्यू में बदलाव किए गए हैं और उनकी पोषण संबंधी जरूरतों का ध्यान रखा जा रहा है।

दूसरी ओर, छात्राओं का कहना है कि उन्हें गुणवत्तापूर्ण और संतुलित भोजन नहीं मिल रहा है, जिससे उनकी सेहत प्रभावित हो सकती है। विरोध के बाद प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही स्थिति में सुधार किया जाएगा और नियमित भोजन व्यवस्था बहाल की जाएगी।

यह भी पढ़ें- टीबी के खिलाफ नई उम्मीद! दिल्ली के मिरांडा हाउस की लैब में विकसित हो रही नई पीढ़ी की वैक्सीन