विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीवार पूरी हुई तो बंद हो गया रास्ता, मयूर विहार में रोज परेशान हो रहे बच्चे और राहगीर

Published: Wed, 23 Sep 2026 05:51 PM (IST)

मयूर विहार फेज-तीन और खोड़ा के बीच पेपर मार्केट की चारदीवारी पूरी होने से पैदल आवागमन का रास्ता बंद हो ...और पढ़ें

दीवार फांदकर जाते बच्चे।

दीवार फांदकर जाते बच्चे।

HighLights

  1. पेपर मार्केट की चारदीवारी से पैदल रास्ता बंद हुआ।

  2. छात्रों और स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी।

  3. डीडीए से बंद रास्ता खोलने की मांग की गई।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। दिल्ली के मयूर विहार फेज-तीन के पाकेट ए-तीन और खोड़ा के बीच पेपर मार्केट की चारदीवारी पूरी किए जाने से पैदल आवागमन का रास्ता बंद हो गया है।

करीब दो महीने पहले बुद्ध बाजार रोड पर हनुमान मंदिर के पास खुले हिस्से को जोड़कर दीवार पूरी की गई। इससे खोड़ा से मयूर विहार फेज-तीन के सरकारी स्कूलों में पढ़ने आने वाले बच्चों और मयूर विहार फेज तीन से बस स्टैंड जाने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

रास्ता बंद होने के बाद बच्चे दीवार फांदकर आवाजाही या फिर करीब तीन किलोमीटर का अतिरिक्त रास्ता तय करने को मजबूर होना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने डीडीए से बंद रास्ते को दोबारा खोलने की मांग की है।

पहले बच्चे कम दूरी तय कर पहुंचते थे स्कूल

मयूर विहार फेज-तीन में एक प्राथमिक और एक माध्यमिक सरकारी समेत कई निजी स्कूल है। इन स्कूलों में खोड़ा से भी बच्चे पढ़ने आते हैं। पहले बुद्ध बाजार रोड से पेपर मार्केट की दीवार के खुले हिस्से से होकर बच्चे कम दूरी में स्कूल पहुंच जाते थे।

रास्ता बंद होने के बाद कई बच्चे समय और दूरी बचाने के लिए दीवार फांदकर निकल रहे हैं। इस बीच दीवार की ऊंचाई से बच्चों के गिरकर चोटिल होने का खतरा बना रहता है।

जो बच्चे दीवार पार नहीं करते, उन्हें गाजीपुर थाना की ओर से मुख्य सड़क या खोड़ा की तरफ से घूमकर जाना पड़ता है। इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। अभिभावकों का कहना है कि छोटे बच्चों को व्यस्त सड़क से होकर स्कूल भेजना जोखिम भरा रहता है।

स्थानीय निवासी ने बताया कि चारदीवारी पूरी होने से पहले इस रास्ते का इस्तेमाल लंबे समय से पैदल आवाजाही के लिए होता था। अचानक रास्ता बंद होने से स्कूल जाने वाले बच्चों के साथ आसपास के लोगों की भी परेशानी बढ़ गई है।

30 मीटर दूर बस स्टाप, अब लंबा चक्कर

पेपर मार्केट की चारदीवारी के खुले हिस्से से करीब 30 मीटर की दूरी पर डीटीसी का बस स्टैंड है। मयूर विहार फेज-तीन के लोग पहले इस छोटे रास्ते से पैदल बस स्टाप तक आसानी से पहुंच जाते थे। रास्ता बंद होने के बाद उन्हें बस पकड़ने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है।

महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार कई बार समय बचाने के लिए लोग रिक्शा लेने को मजबूर होते हैं।पाकेट ए- तीन से सीधे रास्ते के बंद होने से रोजमर्रा के सफर में कई गुना दूरी जुड़ गई है।

मामले में डीडीए अधिकारी का कहना है कि ले-आउट के हिसाब से ही चारदीवारी बनाई गई जाती है। लोगों समस्या के मद्देनजर ले-आउट का रिव्यू कर इस मामले पर कुछ कहा जा सकता है।