नाकामपंथियों से दिल्ली को मुक्त कराएगी जनता: मनोज तिवारी
लोकसभा चुनाव जीतने के बाद अब भाजपा की नजर अगले वर्ष होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव पर है। भाजपा नेताओं का दावा है कि दिल्ली में अगली सरकार उनकी पार्टी की बनेगी। दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि अरविद केजरीवाल नाकामपंथियों के राजा हैं। फरवरी में एक फिल्म रिलीज होगी जिसका नाम होगा एक था केजरीवाल। उन्होंने कहा कि देश व लोकतंत्र के सबसे बड़े चुनाव में दिल्ली की जनता ने स्पष्ट कर दिया है कि वह नाकामपंथियों के बहकावें व झूठ-फरेब की राजनीति को दिल्ली से दूर रखेंगे। दिल्ली के लोग सिर्फ विकास पर आधारित राजनीति को स्वीकार करेंगे।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली :
लोकसभा चुनाव जीतने के बाद अब भाजपा की नजर अगले वर्ष होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव पर है। भाजपा नेताओं का दावा है कि दिल्ली में अगली सरकार उनकी पार्टी की बनेगी। दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि अरविद केजरीवाल नाकामपंथियों के राजा हैं। फरवरी में एक फिल्म रिलीज होगी जिसका नाम होगा 'एक था केजरीवाल'। उन्होंने कहा कि देश व लोकतंत्र के सबसे बड़े चुनाव में दिल्ली की जनता ने स्पष्ट कर दिया है कि वह नाकामपंथियों के बहकावे व झूठ-फरेब की राजनीति को दिल्ली से दूर रखेंगे। दिल्ली के लोग सिर्फ विकास पर आधारित राजनीति को स्वीकार करेंगे।
उन्होंने कहा कि नाकामपंथियों ने दिल्ली के विकास को बाधित किया है। ये लोग केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं को रोककर यहां के लोगों को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाने की कोशिश की है। आम आदमी पार्टी की नकारात्मक राजनीति का दिल्ली की जनता ने पहले निगम चुनाव और फिर लोकसभा चुनाव में जवाब दे दिया है। अब दिल्लीवासी इन लोगों से दिल्ली को मुक्त कराने के लिए विधानसभा चुनाव का इंतजार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन व्यवस्था, प्रदूषण व जाम की समस्या से निजात चाहिए। जब नगर निगम, विधानसभा एवं केंद्र में एक ही पार्टी का शासन होगा तो इन समस्याओं का समाधान होने के साथ ही दिल्ली के विकास में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि राजनीति बदलने और भ्रष्टाचार खत्म करने का वादा करके सत्ता में आने वाले खुद भ्रष्टाचार में घिर गए हैं। ये लोग अपनी नाकामी छिपाने के लिए दूसरों पर बेबुनियाद आरोप लगाते हैं। लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के खिलाफ भी इन लोगों ने दुष्प्रचार किया, लेकिन दिल्लीवासी ने इन्हें करारा जवाब दे दिया है।
उन्होंने कहा कि बीते साढ़े चार वर्षो में दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था को चौपट करके आम आदमी पार्टी ने केवल धर्म और जाति विशेष की राजनीति की है। अल्पसंख्यकों को खुश करने के लिए हमेशा बहुसंख्यक को दरकिनार किया गया।
उन्होंने कहा कि दिल्ली को जाम व प्रदूषण से मुक्त करने के लिए केंद्र सरकार के सड़क परिवहन मंत्रालय ने 46 हजार करोड़ रुपये खर्च किए हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग 709 बी, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे, वेस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे और धौलाकुआं फ्लाईओवर का निर्माण किया गया है।