पुलिस की खाली कॉलोनी में बनेगा अस्थायी जेल
जागरण संवाददाता पूर्वी दिल्ली मंडोली जेल में बंद कैदी व कर्मचारी भी कोरोना की मार से बच नह
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली : मंडोली जेल में बंद कैदी व कर्मचारी भी कोरोना की मार से बच नहीं पाए हैं। कुछ ही दिन पहले कोरोना के चलते एक बुजुर्ग कैदी की मौत हो गई थी, जबकि उसके साथ बंद कई कैदी संक्रमित पाए गए थे। कोरोना के प्रकोप को कम करने के लिए जेल प्रशासन जेल में कैदियों की भीड़ को कम करने के लिए जेल के पास में बनी पुलिस कॉलोनी में अस्थायी जेल बनाने की तैयारी कर रहा है। इसका प्रस्ताव दिल्ली सरकार व गृह मंत्रालय के पास भेजा हुआ है।
जेल से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि ने जेल में संक्रमितों की संख्या 30 से ज्यादा है, इसमें कैदी व कर्मचारी शामिल हैं। करीब सात लोग कोरोना को मात दे चुके हैं। उन्होंने बताया कि जेल के पास बनी पुलिस कॉलोनी खाली है, इसमें बने 12 टॉवरों में लगभग 360 अपार्टमेंट हैं।
कॉलोनी को अस्थायी जेल बनाया जा सकता है। इसका प्रस्ताव गृह मंत्रालय व सरकार के पास भेजा गया है। पास होते ही जेल में बंद चोरी, धोखाधड़ी और गलत व्यवहार के मामलों में बंद कैदियों को जेल से निकालकर इसमें रखा जाएगा। कॉलोनी की सुरक्षा अर्धसैनिक बल के पास होगी। उन्होंने कहा कि जेल में कैदियों की संख्या काफी ज्यादा होने की वजह से उनके बीच शारीरिक दूरी का पालन करवाना चुनौती बना हुआ है। प्रस्ताव पास होने के कुछ ही दिन में कैदियों को जेल से निकालकर अस्थायी जेल में पहुंचा दिया जाएगा।