'मसाज पार्लर खोला है?' साउथ दिल्ली में पड़ोसियों ने नॉर्थ-ईस्ट की 3 युवतियों के साथ किया नस्लभेदी बर्ताव, VIDEO वायरल
मालवीय नगर में ड्रिलिंग के मलबे को लेकर एक दंपति और अरुणाचल प्रदेश की तीन युवतियों के बीच विवाद गहरा गया। यह विवाद नस्लीय भेदभाव और धमकी तक पहुंच गया।
-1771774841316_m.webp)
मालवीय नगर में नस्लीय टिप्पणी पर विवाद। फोटो- वीडियो ग्रैब

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। फ्लैट में बिजली संबंधी काम कराने के दौरान ड्रिलिंग से नीचे गिरे मलबे व धूल मालवीय नगर में एक दंपति और अरुणाचल प्रदेश की तीन युवतियों के बीच विवाद का कारण बन गया। युवतियां चौथे फ्लोर पर रहती हैं।
युवतियों व दंपति के बीच विवाद इतना गहराया कि देखते ही देखते बात नस्लीय भेदभाव और धमकी तक पहुंच गया। युवतियों की शिकायत पर दंपति के खिलाफ भेदभाव व आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग आदि संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वहीं इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल भी हो गया। उत्तर पूर्वी नागरिक संगठनों समेत तमाम लोगों ने राजधानी में इस तरह नस्लीय भेदभावपूर्ण रवैये पर नाराजगी जताई है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक शिकायतकर्ता युवतियां मालवीय नगर थाना क्षेत्र में चौथे फ्लोर पर किराए पर रहती हैं। घटना 20 फरवरी दोपहर की बताई गई है। युवतियां अपने फ्लैट में बिजली संबंधी कार्य करा रही थीं। इसके लिए ड्रिलिंग मशीन से काम चल रहा था।
इस वजह से कुछ मलबा व धूल नीचे के फ्लोर पर गिरने लगा। इससे उक्त फ्लोर पर रहने वाले हर्ष सिंह व उनकी पत्नी रूबी जैन ने ऊपर आकर आपत्ति जताई। आरोप है कि इस दौरान दंपति ने युवतियों के खिलाफ नस्लीय टिप्पणी करते हुए उन्हें काफी भला बुरा कहा। दोनों तरफ से विवाद बढ़ने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
मौके पर पुलिसकर्मी पहुंचने के बाद भी दोनों तरफ से वाद विवाद जारी रहा। युवतियों की तरफ से दी गई शिकायत में कहा गया है कि दंपति ने गाली गलौज की और उनके उत्तर-पूर्वी मूल को लेकर नस्लीय व अपमानजनक टिप्पणियां कीं। उनकी मर्यादा का अपमान किया गया और उन्हें धमकाया भी गया। घटना में किसी प्रकार की शारीरिक चोट की बात नहीं हुई, लेकिन पीड़िताओं ने मानसिक उत्पीड़न व उनका सार्वजनिक अपमान करने की बात कही है।
शिकायत पर मालवीय नगर थाना पुलिस ने हर्ष सिंह व उनकी पत्नी रूबी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 79, 351(2), 3(5) और 196 के तहत महिला की मर्यादा का अपमान, आपराधिक धमकी, समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाना व साझा आपराधिक मंशा का केस दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्ष के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। घटना की परिस्थितियों और कथित टिप्पणियों की पुष्टि के लिए उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
RACIAL HARASSMENT ALLEGED IN DELHI
— তন্ময় l T͞anmoy l (@tanmoyofc) February 21, 2026
Malviya Nagar, Feb 19:
AC Repair Dust Falls → Three Women From Arunachal Pradesh Get Showered In Vile Racial Slurs And Hate!
A "Minor Dispute" turns into Full-blown Racist Venom targeting the Northeast Community.
These Brave Sisters are… pic.twitter.com/YHUsqnVKHl
सोशल मीडिया पर लोगों ने जताई नाराजगी
पूरे मामले को लेकर 4 मिनट 39 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इसमें एक पुलिसकर्मी भी नजर आ रहा है। पुलिसकर्मी के सामने ही दोनों पक्ष एक दूसरे से वाद-विवाद कर रहे हैं। पुलिसकर्मी दोनों पक्षों को शांत कराता नजर आ रहा है।
इस दौरान महिला युवतियों के विषय में आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करती भी नजर आ रही है। उसका पति भी गुस्से में कुछ बोलता हुआ उसे नीचे खींचता हुआ नजर आ रहा है। वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों ने नाराजगी जताई है।
उत्तर पूर्वी समुदाय से जुड़े संगठनों ने मामले को गंभीर बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि राजधानी में रहने वाले विभिन्न राज्यों और समुदायों के लोगों के बीच सौहार्द बनाए रखना जरूरी है और नस्लीय टिप्पणियां सामाजिक सद्भाव को प्रभावित करती हैं।
पुलिस का कहना है कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
