एक फौजी की प्रेम कहानी और उसका खूनी अंजाम, लव एंगल से जुड़ रहे तार, मेजर गिरफ्तार
मेजर हांडा को शैलजा के साथ देखा गया था। पुलिस को एक निजी वाहन का भी पता चला है जिसमें शैलजा एक शख्स के साथ नजर आ रही हैं।
नई दिल्ली [जेएनएन]। भारतीय सेना में मेजर अमित द्विवेदी की पत्नी शैलजा की हत्या के आरोप में दिल्ली पुलिस की टीम ने भारतीय सेना के ही एक मेजर निखिल हांडा को मेरठ के दौराला से गिरफ्तार कर लिया है। हांंडा पर शैलजा की हत्या करने का आरोप है। पुलिस उसे पूछताछ के लिए दिल्ली ला रही है। शुरुआती जांच में मिले सबूतों के आधार पर कत्ल आपसी संबंधों और लव अफेयर से जुड़ा लग रहा है।
मेजर हांडा को शैलजा के साथ देखा गया था
भारतीय सेना में मेजर अमित द्विवेदी की पत्नी शैलजा की शनिवार को अज्ञात लोगों ने गला रेतकर हत्या कर दी थी। वारदात नारायणा स्थित आरपीएफ बराड़ स्क्वायर के पास की है। आरोपी हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंक कर फरार हो गए थे। सूत्रों का कहना है कि आखिरी बार मेजर हांडा को शैलजा के साथ देखा गया था। पुलिस को एक निजी वाहन का भी पता चला है जिसमें शैलजा एक शख्स के साथ नजर आ रही हैं।
गला रेतकर की गई हत्या
गौरतलब है कि शनिवार को बराड़ स्क्वायर इलाके में दिनदहाड़े मेजर की पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद महिला को सूनसान इलाके में फेंक आरोपी फरार हो गए थे। मृतक की पहचान शैलजा द्विवेदी (32) के रूप में हुई थी। शाम के समय महिला के पति मेजर अमित द्विवेदी पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराने थाने पहुंचे तो उन्हें शैलजा की मौत के बारे में पता चला था।
तीन आरोपियों के शामिल होने की आशंका
पुलिस दिल्ली कैंट मेट्रो स्टेशन के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान करने में जुटी थी। पुलिस की तरफ से यह भी कहा गया था कि आरोपी महिला के परिवार के करीबी हैं और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस मामले में तीन आरोपियों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।
मौके पर ही हो गई थी मौत
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शनिवार दोपहर किसी राहगीर ने पुलिस को सूचना दी कि दिल्ली कैंट के मेट्रो पिलर नंबर 11 के सामने एक महिला खून से लथपथ पड़ी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि महिला के गले को रेता गया है। मौके पर खून पसरा हुआ था। महिला की मौत मौके पर ही हो गई थी।
कार में ही बैठे शख्स पर शक
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शैलजा अर्दली के साथ दिल्ली कैंट इलाके से आरआर अस्पताल फिजियोथेरेपी के लिए गई थीं। अस्पताल परिसर में दाखिल होने के बाद उन्होंने अर्दली को गाड़ी के साथ घर भेज दिया। इसके बाद वे एक अन्य कार में बैठीं और कार में ही बैठे शख्स ने वारदात को अंजाम दिया।
फटे हुए थे महिला के कपड़े
पुलिस का कहना था कि इस घटना को दुर्घटना की शक्ल देने के लिए आरोपी ने कार से ही महिला को सड़क पर फेंका। महिला के कपड़े भी फटे हुए थे। दिल्ली कैंट मेट्रो स्टेशन के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज में कार तो दिखाई दे रही है, लेकिन शख्स की पहचान नहीं हो पा रही थी।
पुलिस को मिले थे सबूत
पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त विजय कुमार ने बताया था कि इस मामले में न तो लूट की आशंका है और न ही महिला के साथ कोई जोर जबरदस्ती की गई है। उन्होंने बताया था कि आरोपीयों के बारे में जानकारी जुटा ली गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस सूत्रों की मानें तो शैलजा को कार सवार तीन युवकों के साथ बराड़ स्क्वायर के आसपास देखा गया था।
आखिर तीन घंटे कहां रहीं शैलजा
पुलिस सूत्रों के मुताबिक अपने दिल्ली कैंट स्थित आवास से शैलजा दस बजे निकली थीं और डेढ़ बजे पुलिस को घटना की जानकारी मिली। ऐसे में सवाल यह उठता है कि आखिर तीन घंटे तक शैलजा कहां रहीं। इस दौरान उनकी मुलाकात किन-किन लोगों से हुई। जिन तीन युवकों के साथ शैलजा के होने की बात कही जा रही है वह युवक कौन थे। हत्या का क्या मकसद हो सकता है।
दूसरे मेजर से संबंध होने का शक
पुलिस जांच में मेजर की पत्नी के दूसरे मेजर से प्रेम प्रसंग होने की बात सामने आ रही थी। पुलिस से पूछताछ में मेजर अमित द्विवेदी (शैलजा के पति) ने पत्नी का एक दूसरे मेजर से संबंध होने का शक जताया था। रविवार सुबह पूछताछ में अमित ने बताया कि दिल्ली आने से पहले दीमापुर में उनकी पोस्टिंग थी, यहां पर उनकी पत्नी की नजदीकियां एक दूसरे मेजर से बढ़ गई थीं। दिल्ली आने के बाद भी उनकी पत्नी की उस मेजर से बातचीत होती थी।
यह भी पढ़ें: दाती महाराज के आश्रम में जाने वाले इन तीन लोगों से होगी पूछताछ, जानें- कौन हैं ये लोग