ज्वेलरी शोरूम से साढ़े तीन करोड़ के गहनों की हुई थी लूट
जागरण संवाददाता बाहरी दिल्ली पीतमपुरा इलाके में गुरुवार तड़के रिलांयस ज्वेर्ल्स में साढ़े
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली : पीतमपुरा इलाके में गुरुवार तड़के रिलांयस ज्वेर्ल्स में साढ़े तीन करोड़ के गहने लूटे गए थे। उत्तर पश्चिम जिला पुलिस ने लूट की गुत्थी को 48 घंटे अंदर सुलझाते सात बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पौने दो करोड़ रुपये के गहने भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपितों में दो लूट के गहने खरीदने वाले भी शामिल हैं। अहम बात यह कि इस शोरूम को इन बदमाशों ने वर्ष 2019 में भी निशाना बनाया था और यह बात पुलिस को सुराग पाने में मददगार साबित हुई।
उत्तर पश्चिम जिले की नव नियुक्त डीसीपी उषा रंगनानी ने बताया कि पीतमपुरा स्थित रिलायंस ज्वेर्ल्स के शोरूम में कार सवार सात बदमाशों ने सुरक्षा गार्ड को बंधक बनाकर करीब साढे तीन करोड़ मूल्य के सोने के आभूषण लूट लिए थे। बदमाशों ने 2019 में भी इस शोरूम को अपना निशाना बनाया गया था। लेकिन तब लूट में शामिल बदमाशों को गिरफ्तार भी कर लिया गया था। पुलिस टीम ने इसी तथ्य के आधार पर जांच शुरू की थी तो पता चला कि सभी आरोपित जेल से बाहर थे। जांच के क्रम में वारदात के दिन उनका लोकशन भी पीतमपुरा इलाके में मिली। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से भी पुलिस को उनका सुराग मिला।
ऐसे में पुलिस टीम ने शुक्रवार को पहले शाहबाद डेरी इलाके से वारदात में शामिल शंकर को गिरफ्तार किया और उसकी निशानदेही पर सूरज, सलीम, राहुल, पीटू शेख, सानू रहमान और मीठू शेख को भी गिरफ्तार कर लिया। सानू रहमान और मीठू शेख ने लूट के गहने खरीदे थे। घटना में प्रयुक्त कार रोहिणी से चुराई गई थी।
बदमाशों ने बताया कि वे पहले भी इसी शोरूम को निशाना बना चुके थे, लेकिन ज्यादा सामान नहीं ले जा सके थे। इसलिए इस बार दोबारा निशाना बनाया था।