लाल किला में हाथियों की विशालकाय प्रतिमाएं बनीं आकर्षण का केंद्र
फोटो 20 डेल 101 से 103 - राष्ट्र रक्षा महायज्ञ के प्रवेश द्वार पर रखी गई है हाथियों की विशा
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली :
लालकिला परिसर में चल रहे राष्ट्र रक्षा महायज्ञ में वैसे तो हर मंडप और झाकी लोगों का ध्यान अपनी तरफ आकर्षित कर रहे हैं, लेकिन लोगों के मुख्य आकर्षण का केंद्र तो यज्ञ मंडप के बाहर खड़े विशालकाय हाथियों की प्रतिमा है। इस महायज्ञ का आयोजन राष्ट्र के कल्याण के लिए 18 से 25 मार्च तक लालकिला परिसर में किया जा रहा है। लकड़ी से बने और रंगों से सजे इन प्रतिमाओं की छटा ही निराली है। इन हाथियों की विशाल प्रतिमा को देखने और इनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए दिल्ली ही नहीं बल्कि दूरदराज के क्षेत्रों से भी लोग आ रहे हैं।
बच्चे तो बच्चे बड़ों में भी इन हाथियों की विशालकाय प्रतिमाओं के साथ सेल्फी लेने की होड़ सी मच रही है। इन हाथियों की प्रतिमाओं को कुछ इस अंदाज में सजाया गया है की लोग खुद ही इनके तरफ खींचे चले आ रहे है। खतौली से अपने पूरे परिवार के साथ दिल्ली घूमने आए भुटानी ने बताया की उन्होंने हाथी की इतनी विशालकाय प्रतिमा नहीं देखी है इसलिए निशानी के रूप में इनके साथ अपनी फोटो खिंचवा रहे हैं, ताकि वापस गाव जाकर और भी लोगों को दिखा सकें। यहीं नहीं यह हाथी विदेशी पर्यटकों को भी चकित कर दे रहे हैं। वह भी इसे कैमरे में कैद करने और सेल्फी लेने से पीछे नहीं हट रहे हैं। हाथियों के अलावा अंदर जमीन पर विशाल भारत का मानचित्र व उसपर भारत माता की तस्वीर भी लोगों को आकर्षित कर रही है।