जानिए किस घटना पर बोले कवि कुमार विश्वास, दिमाग सुन्न है, समय सबका हिसाब-किताब करेगा
राजस्थान के उदयपुर में हुई घटना से हर कोई हतप्रभ है। इस घटना के बाद से अब पूरे राजस्थान में सांप्रदायिक माहौल बिगड़ा हुआ है। प्रशासन ने एहतियात बरतते हुए वहां धारा-144 लागू कर दी है। तमाम लोग इस घटना पर दुख व्यक्त कर रहे हैं।
नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। राजस्थान के उदयपुर की घटना ने पूरे देश को हतप्रभ कर दिया है। देश में एक बार फिर से सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने वाला माहौल बन गया है। एहतियात के तौर पर पुलिस ने पूरे प्रदेश में धारा 144 लागू कर दी है और इंटरनेट मीडिया पर भी अंकुश लगा दिया है। एक तरफ मुंबई की सत्ता के बिगड़ते समीकरण पर लोग कयास लगा रहे थे, दूसरी ओर राजस्थान की घटना ने पूरा माहौल ही बिगाड़ दिया है। गौस मोहम्मद और मोहम्मद रियाज जब्बार के द्वारा कन्हैया लाल की गला रेतकर हत्या करने के बाद सभी प्रदेश अलर्ट मोड पर है।
कवि कुमार विश्वास ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने अपने इंटरनेट मीडिया एकाउंट से एक ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा है कि दिमाग़ सुन्न है। उदयपुर की घटना केवल एक इंसान की हत्या नहीं है बल्कि मनुष्यता की हत्या है। मज़हबी कट्टरता के खेत में जो ज़हर सियासत ने बोया उसके हत्यारे-झाग चौखट तक आ पहुँचे हैं। वक़्त हाथ से निकले उससे पहले देश को सोचना पड़ेगा। देश की सोचिए उत्तेजना से बचिए, समय सबका हिसाब करेगा।
कुमार विश्वास अक्सर सामाजिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते रहते हैं। इस तरह के मुद्दों पर देश का माहौल खराब होता है। लोग एक दूसरे के खून के प्यासे हो जाते हैं। कुछ राजनीतिक लोग ऐसे मौकों का भरपूर लाभ भी उठाते हैं। वो दूसरों को भड़काकर दंगे तक करा देते हैं। बीते कुछ माह में देश के अलग-अलग हिस्सों में कई सांप्रदायिक दंगे हो चुके हैं। यूपी में जहां भी दंगे हुए सरकार ने सख्त कदम उठाया और दंगे के आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
उसी का नतीजा रहा कि इन चीजों पर जल्द काबू पा लिया गया। अभी तक कुछ प्रदेश इस तरह के माहौल से दूर थे मगर अब वहां भी ऐसी घटनाएं होने लगी हैं। अब राजस्थान के उदयपुर की इस घटना ने एक बार फिर सभी को चौंका दिया है। कुमार विश्वास ने अपने ट्वीट में ऐसी ही घटना पर ट्वीट करके अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।